ग़ाज़ा: मशीनरी व उपकरणों के विध्वंस से, मलबे में दबे शवों को निकालने का काम रुका
Source: UN News: गुरुवार, 24 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
ग़ाज़ा में फ़लस्तीनी परिवारों ने इसराइली बमबारी में ध्वस्त घरों के मलबे में अपने प्रियजन को ढूंढने की लम्बे समय से आस लगाई है, मगर यह आशा तेज़ी से धूमिल होती जा रही है.
बताया गया है कि इसराइली हवाई हमले में बचाव व बहाली कार्य में इस्तेमाल में लाई जा रही भारी मशीनरी, बुलडोज़र को नुक़सान पहुँचा है, जिससे ये अभियान पूरी तरह से रुक गया है.इन परिस्थितियों में, स्थानीय राहतकर्मियों के लिए मलबे में फँसे हुए 11 हज़ार शवों को निकाल पाना और कठिन हो जाएगा.संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों को बताया कि हाल के दिनों तक, बुलडोज़र और खुदाई करने वाले उपकरणों के ज़रिये मलबे में शवों को निकाला जा रहा था.एक बुलडोज़र को आतिफ़ नस्र द्वारा चलाया जा रहा था, जो युद्ध से पहले सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य से जुड़े थे. युद्ध शुरू होने के बाद, आतिफ़ ने मलबे से शवों को निकालने के काम में योगदान देना शुरू किया.ग़ाज़ा में यूएन न्यूज़ के एक संवाददाता ने इस हमले से कुछ ही दिन पहले उनका इंटरव्यू किया था. अब मशीनरी व वाहन ध्वस्त हो जाने की वजह से यह काम ठप हो गया गया है.मलबे में दबे शवदहदूह परिवार ने अपने बेटे उमर की एक हवाई हमले में मौत होने के बाद, उसके शव को घर के मलबे से किसी तरह, क़रीब एक वर्ष बाद बाहर निकाला था. इसराइली कार्रवाई में एक सात-मंज़िला इमारत ध्वस्त हो गई थी.उमर के भाई मोयाद ने घटनास्थल पर खड़े होकर अपने परिवार की व्यथा को बयाँ किया. “उसका शव, क़रीब एक वर्ष तक मलबे के नीचे दबा रहा.”“युद्ध के बाद, हमने उसे निकालने की कोशिश की, मगर इमारत इतनी विशाल थी और भारी मशीनरी उपलब्ध नहीं थी. यह असम्भव था.”“हमने भूतल तक पहुँचने के लिए एक बुलडोज़र की हर जगह तलाश की, जहाँ उमर मौजूद था. मगर युद्ध के दौरान, इसराइली सेना ने उन सभी बुलडोज़र और खुदाई करने वाली मशीनों को या ध्वस्त कर दिया या जला दिया, जिनसे हमें मदद मिल सकती थी.”
UN News
मशीनरी को नुक़सान पहुँचने से कचरे और मलबे को हटाने का काम रुक गया है.
आदरपूर्वक अंतिम संस्कारदक्षिणी ग़ाज़ा के ख़ान यूनिस में डजानी परिवार अब भी अपने ध्वस्त घर में रहने के लिए मजबूर है. यहीं पर उनके तीन बच्चों के शव भी दबे हुए हैं.उनके पिता अली अपने बच्चों की मौत के क्षण को बेहद भारी मन से याद करते हैं.उन्होंने यूएन न्यूज़ संवाददाता को बताया कि “हम बमबारी के दौरान जान बचाने के लिए तट की ओर भागे. जब हम लौटे तो घर जा चुका था, और हमारे बच्चे मलबे में दबे हुए थे. हम यहाँ रहने के लिए मजबूर हैं, मगर यह जीवन नहीं है. यह असहनीय है.”“हमारे पास न तो स्वच्छ जल है, न भोजन है. हम खोए हुए हैं. हम सिर्फ़ अपने बच्चों के शवों को निकालना चाहते हैं. मृतक को दफ़नाना पवित्र है. हम बस यही चाहते हैं.” मशीनों व उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने से अब यह कार्य और कठिन हो चुका है.
मानवीय संकटसंयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि ग़ाज़ा पट्टी में युद्ध भड़कने के बाद से अब तक कुल रिहायशी इमारतों में से क़रीब 92 फ़ीसदी ध्वस्त हो चुकी हैं, यानि 4.36 लाख घर.इन मकानों के बर्बाद होने से पाँच करोड़ टन मलबा उत्पन्न हुआ है, जिसे मौजूदा परिस्थितियों में वहाँ से हटाने में दशकों का समय लग सकता है.मानवीय सहायता संगठनों ने चेतावनी जारी की है कि मलबे को हटाने और शवों को बाहर निकालने में हो रही देरी से, न केवल ग़ाज़ा में मनोवैज्ञानिक सदमा गहरा होगा, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए ख़तरा है और पर्यावरण के लिए बेहद चिन्ताजनक है.