हेती: आपराधिक गुटों की हिंसा से, पूर्ण अराजकता व सार्वजनिक व्यवस्था ढहने का ख़तरा
Source: UN News: बुधवार, 23 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
हेती में संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि मारिया इज़ाबेल सल्वाडोर ने आगाह किया है कि आपराधिक गुटों की हिंसा में कोई कमी नहीं आई है और देश पूर्ण रूप से अराजकता के कगार पर है. उन्होंने सोमवार को सुरक्षा परिषद की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठित आपराधिक गुट राजधानी पोर्त-ओ-प्रिन्स पर अपना नियंत्रण बढ़ाने के लिए सुनियोजित ढंग से मुहिम चला रहे हैं.
यूएन दूत सल्वाडोर ने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को कहा कि मौजूदा हालात में देश में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की राजसत्ता की क्षमता पर ख़तरा है और राजधानी को पंगु बनाने की कोशिशें की जा रही हैं.हाल के दिनों में आपराधिक गैंग ने हेती की राजधानी के उन इलाक़ों को भी निशाना बनाया है, जोकि पहले उनकी गतिविधियों से अछूते थे. “हिंसा के इस आयाम ने स्थानीय आबादी में छटपटाहट व डर पैदा कर दिया है.”इस वर्ष, फ़रवरी व मार्च महीनों के दौरान एक हज़ार से अधिक लोगों के मारे जाने और क़रीब 400 के घायल होने का समाचार है, जबकि क़रीब 60 हज़ार लोग विस्थापित हुए हैं. कुल मिलाकर, 10 लाख नागरिक 2024 के अन्त तक पहले ही विस्थापित हो चुके थे.बढ़ती हताशानिरन्तर हिंसा की वजह से, बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सम्पत्तियों, परिवारों और समुदायों की रक्षा के लिए समूह बनाए हैं. आम जनता में हताशा है, और हज़ारों लोगों ने सड़कों पर उतर करके अपने लिए सुरक्षा की मांग की है.यूएन प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा में सुधार के लिए अपने सीमित दायरे में क़दम उठाए हैं, मगर वे अपर्याप्त साबित हुए हैं और इसलिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को समर्थन बढ़ाने की ज़रूरत है.मारिया इज़ाबेल सल्वाडोर ने कहा कि इस अहम पड़ाव पर, सदस्य देशों को हेती के सुरक्षा बलों के लिए अपना समर्थन बढ़ाना होगा, विशेष रूप से बहुराष्ट्रीय सुरक्षा समर्थन मिशन के लिए.“इस देश को हमारी पहले से ही कहीं अधिक आवश्यकता है.”सुरक्षा परिषद ने अक्टूबर 2023 में इस बहुराष्ट्रीय मिशन को स्वीकृति दी थी. यह एक अन्तरराष्ट्रीय सुरक्षा पहल है, जिसके तहत हेती की राष्ट्रीय पुलिस को गैंग हिंसा से निपटने व सार्वजनिक व्यवस्था बहाल करने के लिए सहायता दी जाएगी.केनया इस मिशन की अगुवाई कर रहा है, मगर संसाधनों व सुरक्षाकर्मियों के अभाव की वजह से चुनौतियाँ बरक़रार हैं.यूएन कामकाज पर असरमौजूदा संकट से हेती में जीवन का हर पहलू प्रभावित हुआ है. पोर्त-ओ-प्रिन्स के लिए उड़ानें और अहम सुरक्षा मार्ग बन्द हैं, जिससे संयुक्त राष्ट्र के सहायता अभियान पर दबाव बढ़ा है और टीमों को अपनी गतिविधियों में कमी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.वित्तीय समर्थन में कटौती की वजह से यह अभियान और भी कमज़ोर हो रहा है. इसके मद्देनज़र, यूएन प्रतिनिधि ने चेतावनी जारी की है कि यदि समर्थन में और कटौती की गई तो इसके गम्भीर दुष्परिणाम होंगे.हालात के बद से बदतर हो जाने की वजह से स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं पर असर हुआ है. असुरक्षा के कारण अब तक 900 से अधिक स्कूल व 39 स्वास्थ्य केन्द्र बन्द हो चुके हैं.हैज़ा बीमारी का प्रकोप है और यौन व लिंग-आधारित हिंसा के मामलों में उछाल आया है, विशेष रूप से उन विस्थापन शिविरों में जहाँ उपयुक्त आश्रय, साफ़-स़फ़ाई और संरक्षण व्यवस्था का अभाव है.मारिया इज़ाबेल सल्वाडोर ने कहा कि हेती में राष्ट्रीय एजेंसियाँ सुरक्षा बनाए रखने के लिए हरसम्भव प्रयास कर रही हैं, मगर उनके पास हथियारबन्द गुटों से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधनों व विदेशी सहायता की कमी है.उनके अनुसार, यदि समय पर अन्तरराष्ट्रीय समर्थन मुहैया नहीं कराया गया, तो हिंसा में तेज़ी जारी रहेगी और देश पूर्ण रूप से दरक सकता है