-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:17 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यमन में बढ़ती हिंसा पर गहरी चिन्ता, 'अधिकतम संयम' की अपील

Source: UN News: मंगलवार, 22 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
यमन में बढ़ती हिंसा पर गहरी चिन्ता, 'अधिकतम संयम' की अपील
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, इस सप्ताह अमेरिका द्वारा, यमन के राअस ईसा बन्दरगाह में और उसके आसपास किए गए हमलों पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है. इन हमलों में अनेक आम लोगों के हताहत होने की ख़बरें हैं. घायल हुए लोगों में, कम से कम पाँच मानवीय सहायता कर्मी भी हैं और बन्दरगाह के ढाँचे को व्यापक नुक़सान पहुँचने की ख़बरें हैं.लाल सागर में तेल रिसाव होने का भी डर है जिससे पर्यावरणीय चिन्ताएँ बढ़ी हैं.यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के प्रवक्ता ने शनिवार को जारी एक वक्तव्य में कहा है कि अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून सहित अन्तरराष्ट्रीयक़ानून का “हर समय सम्मान किया किया जाना अत्यावश्यक है”.एंतोनियो गुटेरेश ने इस वक्तव्य में, सभी सम्बद्ध पक्षों से आम लोगों व नागरिक ढाँचे का सम्मान करने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.यूएन महासचिव ने हूथी बलों द्वारा इसराइल के विरुद्ध और लाल सागर में मिसाइल व ड्रोन के बढ़ते हमलों पर भी गहरी चिन्ता व्यक्त की है.उन्होंने हूथी बलों से इन हमलों को तत्काल रोके जाने का आहवान किया है.एंतोनियो गुटेरेश ने ज़ोर देकर कहा है कि सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2768 (2025) का हर क़ीमत पर सम्मान किया जाना होगा जो व्यापारिक और व्यावसायिक जहाज़ों पर, हूथी बलों के हमलों के सम्बन्ध में है.उन्होंने एक वृहतर क्षेत्रीय टकराव भड़कने के जोखिम के बारे में भी आगाह किया है और साथ ही सभी सम्बद्ध पक्षों से, “अधिकतम संयम” बरतने का आग्रह किया है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement