-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:07 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यूक्रेन: धार्मिक आयोजन के अवसर पर हुए मिसाइल हमले की कठोर निन्दा

Source: UN News: गुरुवार, 17 अप्रैल 2025 00:01 AM (IST)
यूक्रेन: धार्मिक आयोजन के अवसर पर हुए मिसाइल हमले की कठोर निन्दा
संयुक्त राष्ट्र ने रूसी सैन्य बलों द्वारा रविवार को यूक्रेन के सूमी शहर पर किए गए हमले की निन्दा की है, जिसमें दो बच्चों समेत कम से कम 34 लोगों के मारे जाने की ख़बर है और क़रीब 100 अन्य घायल हुए हैं. बताया गया है कि सूमी शहर के केन्द्र में स्थित एक व्यस्त सड़क पर दो मिसाइलें आकर गिरी, जिससे रिहायशी इमारतें, शैक्षणिक केन्द्रों, और नागरिक वाहनों को गम्भीर क्षति पहुँची.यूक्रेन में रविवार को एक बड़ा धार्मिक उत्सव, ‘पाम संडे’ मनाया जा रहा था, और लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर एकत्र थे.संयुक्त राष्ट्र के शीर्षतम अधिकारी एंतोनियो गुटेरेश के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने महासचिव की ओर से एक वक्तव्य जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह इस हमले से स्तब्ध हैं. Tweet URL यूएन प्रमुख के अनुसार ‘पाम संडे’ उत्सव और पवित्र सप्ताह के आरम्भ होने पर किया गया यह हमला, पिछले कुछ हफ़्तों में यूक्रेनी शहरों व नगरों पर ऐसे ही अन्य हमलों के भयावह रुझान को दर्शाता है.इन हमलों में बड़े पैमाने पर विध्वंस हुआ है और आम नागरिकों की जान गई है.यूएन महासचिव ने दोहराया कि अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून के तहत आम लोगों व नागरिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध हमले निषिद्ध हैं और उन्हें तत्काल रोका जाना होगा.उन्होंने यूक्रेन में युद्धविराम लागू करने के लिए नए सिरे से अपील जारी की है.महासचिव ने कहा कि यूक्रेन में न्यायसंगत, स्थाई व व्यापक शान्ति की दिशा में प्रयासों के लिए संयुक्त राष्ट्र के समर्थन को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि देश की सम्प्रभुता, स्वतंत्रता व क्षेत्रीय अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए, यूएन चार्टर, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून व प्रासंगिक यूएन प्रस्तावों के अनुरूप ये प्रयास किए जाने होंगे.गहरा क्षोभयूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के मानवतावादी समन्वयक माथियास श्माले ने देश के पूर्वोत्तर में स्थित सूमी शहर के केन्द्र में रूसी मिसाइल हमलों पर गहरा क्षोभ प्रकट किया है.उन्होंने कहा कि रविवार को धार्मिक उत्सव का आयोजन, शान्ति व मनन का एक अवसर था. इसके बजाय, यहाँ के लोगों को हिंसा, आतंक व नुक़सान का शिकार बनाया गया.यूएन के वरिष्ठ अधिकारी ने अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी समुदाय, यूएन की देशीय टीम की ओर से इस हमले की कठोरतम शब्दों में निन्दा की है और पीड़ितों के परिजन के प्रति गहरी सम्वेदना व्यक्त की है.माथियास श्माले ने ध्यान दिलाया कि मानवतावादी क़ानून के तहत, आम नागरिकों व बुनियादी ढाँचों पर हमले निषिद्ध हैं, इन्हें रोकना होगा.उनके अनुसार, ये नियम मानव जीवन व गरिमा की रक्षा करने के लिए बनाए गए हैं और इनका सदैव सम्मान किया जाना होगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement