-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सूडान: 60 लाख विस्थापित महिलाएँ व लड़कियाँ भुगत रही हैं युद्ध का ख़ामियाज़ा

Source: UN News: रविवार, 13 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
सूडान: 60 लाख विस्थापित महिलाएँ व लड़कियाँ भुगत रही हैं युद्ध का ख़ामियाज़ा
सूडान में परस्पर विरोधी सैन्य बलों के बीच हिंसक टकराव का महिलाओं व लड़कियों पर अभूतपूर्व असर हुआ है. महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था (UN Women) के अनुसार, मातृत्व मौतों के मामले में तेज़ उछाल आया है और हिंसाग्रस्त इलाक़ों में 80 फ़ीसदी से अधिक अस्पतालों में देखभाल सेवाएँ ठप हैं. पूर्व व दक्षिणी अफ़्रीका के लिए यूएन संस्था की निदेशक ऐना मुटावटी ने बताया कि सूडान में महिलाएँ हिंसा के गम्भीर रूपों का सामना कर रही हैं, विशेष रूप से यौन हिंसा का.“उनकी हिम्मत असाधारण है, मगर उन्हें इस संकट का सामना करने के लिए अकेले नहीं छोड़ा जाना चाहिए.”सूडान की सशस्त्र सेना और अर्द्धसैनिक बल (RSF) के बीच अप्रैल 2023 में भड़के टकराव में अब तक हज़ारों लोगों की जान जा चुकी है, 1.24 करोड़ लोग विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं और 33 लाख ने पड़ोसी देशों में शरण ली है. Tweet URL महिलाओं व लड़कियों को इस हिंसक टकराव की एक बड़ी क़ीमत चुकानी पड़ी है. उन्हें खाद्य असुरक्षा, लिंग-आधारित हिंसा, स्वास्थ्य देखभाल की सीमित सुलभता, शिक्षा व आजीविका अवसरों में कमी से जूझना पड़ रहा है.वहीं, यौन हिंसा के मामले चिन्ताजनक स्तर पर हैं, जबकि उनकी वास्तविक संख्या सामने नहीं आ पाई है. क़रीब 60 लाख महिलाएँ व लड़कियाँ इस हिंसक टकराव का ख़ामियाज़ा भुगतने के लिए मजबूर हैं.यूएन एजेंसी के अनुसार, साक्ष्य दर्शाते हैं कि यौन हिंसा को व्यवस्थागत ढंग से युद्ध के एक औज़ार के रूप में इस्तेमाल में लाया जा रहा है.गम्भीर खाद्य असुरक्षाविश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के क्षेत्रीय रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर शॉन ह्यूग्स ने केनया की राजधानी नैरोबी से न्यूयॉर्क में पत्रकारों को बताया कि सूडान में खाद्य असुरक्षा की स्थिति बहुत गम्भीर है.ढाई करोड़ से अधिक लोग चरम स्तर पर भूख का सामना कर रहे हैं, जिनमें 50 लाख बच्चे और माताएँ गम्भीर कुपोषण से पीड़ित हैं.यूएन एजेंसी अधिकारी ने आगाह किया कि सूडान में युद्ध के तीसरे वर्ष में यदि ज़रूरतमन्दों तक पहुँचने का रास्ता व संसाधन मुहैया नहीं कराए गए तो हज़ारों लोगों की मौत होगी.“यह एक मानव-जनित संकट है. इसकी वजह सूखा, बाढ़, भूकम्प नहीं है, चूँकि युद्धरत पक्षों द्वारा मानवतावादी सहायता को पहुँचाने में अवरोध खड़े किए जा रहे हैं.”सहायता मार्ग व धनराशि की अपील15 अप्रैल 2023 को भड़के युद्ध में देश में बुनियादी प्रतिष्ठानों को नुक़सान पहुँचा है और बड़े पैमाने पर खाद्य क़िल्लत उपजी है. यह दुनिया में एकमात्र ऐसा देश है जिसे अकाल से गुज़रना पड़ रहा है.सूडान में कम से कम 10 स्थानों पर अकाल की पुष्टि की गई है, इनमें ज़मज़म शिविर भी है जहाँ चार लाख विस्थापित लोगों ने शरण ली है. 17 अन्य इलाक़ों पर आने वाले महीनों में अकाल का जोखिम है.WFP क्षेत्रीय रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर ने कहा कि सूडान में मौजूदा घटनाक्रम से, पिछले दशकों में देखे गए हालात बौना साबित हो सकते हैं.ज़रूरतमन्द समुदायों तक मदद पहुँचाने के लिए रास्ते की सुलभता एक बड़ी चुनौती है. बारिश के मौसम में अनेक मार्गों से होकर गुज़रना मुश्किल होने की आशंका है, जिससे राहत आपूर्ति जटिल हो जाएगी.इसके लिए, उन्होंने तत्काल सहायता मार्ग उपलब्ध कराने का आग्रह किया है और सहायता धनराशि पर भी बल दिया है, जिसकी क़िल्लत की वजह से कुछ स्थानों पर राशन में 50 फ़ीसदी की कटौती के लिए मजबूर होना पड़ा है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement