Advertisement
यूआईटी के अफसरों ने मास्टर प्लान को दरकिनार कर गुपचुप बनाया जोनल प्लान, 500 से ज्यादा आपत्तियां आने से हड़कंप

सूत्रों के मुताबिक इस बीच यूआईटी के अधिकारियों ने निजी स्वार्थों के लिए मास्टर प्लान औऱ हाईटेक सिटी की 2013 की प्लानिंग को दरकिनार करते हुए जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) से नया जोनल प्लान तैयार करवा लिया। इसमें मनमर्जी से निजी स्वामित्व वाली जमीनों को ग्रीन बैल्ट औऱ मिश्रित भू-उपयोग में दर्शा दिया गया।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब यूआईटी ने 1 जुलाई, 2025 को ई-2 ड्राफ्ट जोनल प्लान जारी किया और आपत्तियां तथा सुझाव मांगे। अगले ही दिन, 2 जुलाई तक, यूआईटी को 550 से 580 आपत्तियां और सुझाव प्राप्त हुए। इतनी बड़ी संख्या में आपत्तियों का आना ही इस बात का सबूत था कि प्लान में कुछ गड़बड़ है।
कैलाश कोठारी, केदारमल जागेटिया और शहर विधायक अशोक कोठारी जैसे लोगों ने इस ड्राफ्ट प्लान को रद्द करने की मांग करते हुए सरकार को अभ्यावेदन भेजे हैं। बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आने के बाद अब यूआईटी के अधिकारी इस प्लान को तैयार करने वाली सलाहकार एजेंसी मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर की कार्यशैली पर ही सवाल उठा रहे हैं। हालांकि यूआईटी ने खुद भी अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट में इन खामियों को स्वीकार किया है।
लेकिन, MNIT का कहना है कि जोनल प्लान का ड्राफ्ट यूआईटी अधिकारियों की सलाह और मार्गदर्शन से तैयार किया गया है। खास बात यह है कि इस जोनल प्लान को बनवाए जाने की मुख्य नगर नियोजक तक को जानकारी नहीं थी। लोगों की आपत्तियां आने के बाद जब यूआईटी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई तो इन गड़बड़ियों का खुलासा हुआ।
मुख्य नगर नियोजक को भेजी गई इस रिपोर्ट में भी यह साफ हो गया है कि जनता की आपत्तियां निराधार नहीं थीं, बल्कि यह ड्राफ्ट प्लान ही शुरू से गलत था। यूआईटी के अधिकारियों का आरोप है कि अपनी रिपोर्ट में बताया कि MNIT ने शहरी विकास विभाग के दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि कंसल्टेंट फर्म MNIT ने पुराने कमिटमेंट्स, फिजिकल सर्वे, गूगल मैप, खसरा प्लान और मौके पर मौजूद निर्माणों को प्लान में शामिल ही नहीं किया।
विधायक अशोक कोठारी के अनुसार, इस ड्राफ्ट प्लान में मास्टर प्लान की बहुउद्देशीय योजना को भी नजरअंदाज किया गया, जिसके तहत मिनी सचिवालय, तीन पुल और एक फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित था। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि बहुउद्देशीय योजना के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में ही धारा 32 की अधिसूचना जारी कर दी थी, जिसकी वैधता 31 सितंबर 2019 तक थी। यह अधिसूचना आज तक नहीं हटाई गई है। इसके बावजूद, यूआईटी ने 27 मार्च, 2025 को एक कमेटी की बैठक में इस योजना को समाप्त कर धारा 32 को डिनोटिफाई करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया। बिना धारा 32 हटाए मास्टर प्लान में बदलाव करना पूरी तरह से अवैधानिक है। यह सीधे तौर पर यूआईटी के अधिकारियों की बड़ी लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी को दर्शाता है।
इन गंभीर खामियों और जनता के आक्रोश को देखते हुए यूआईटी ने अब यह स्वीकार किया है कि इस जोनल प्लान में व्यापक जनहित की अनदेखी हुई है। यूआईटी ने कहा है कि अब इस ड्राफ्ट प्लान का पूरा पुनरावलोकन किया जाएगा। साथ ही, यह भी निर्णय लिया गया है कि नए प्रस्तावित जोनल प्लान में वर्तमान रास्तों, पूर्व में किए गए भू-उपयोग परिवर्तन, 90-क, मास्टर प्लान की प्रस्तावित सड़कों, और सभी अनुमोदित योजनाओं का समायोजन करने के बाद ही कोई आगे की कार्यवाही की जाएगी। यह ड्राफ्ट प्लान सक्षम स्तर से अनुमोदित होने के बाद ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
ऐसी कारगुजारी कि अफसरों की बोलती बंदः
इस संबंध में जब खासखबर डॉट कॉम ने यूआईटी भीलवाड़ा के सचिव ललित गोयल से बात की तो वे केवल इतना ही कह सके कि हाईटेक सिटी के संबंध में जितनी आपत्तियां आई हैं, उनका परीक्षण करवा रहे हैं। इससे ज्यादा वे कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
भीलवाड़ा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


