फरीदाबाद। व्यापार मंडल के प्रधान एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम में बडखल क्षेत्र का तहसील कार्यालय बनाए जाने को हरियाणा सरकार का तुगलकी फरमान करार दिया है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि वह सरकार के फरमान का ना केवल कड़ा विरोध करते हैं, बल्कि इस मामले में आंदोलन करने के लिए तैयार हैं। भाटिया ने कहा कि यह तो सरासर नादिरशाही है कि खिलाडिय़ों के लिए बनाए गए स्टेडियम का अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार आने से पहले भाजपा नेताओं ने स्टेडियम की बदहाली दूर करने को अपना चुनावी एजेंडा बनाया था। चुनावों में भाजपा उम्मीदवार, जोकि अब विधायक व मंत्री बन चुके हैं, सभी ने कांग्रेस सरकार पर नाहर सिंह स्टेडियम को बर्बाद करने का आरोप लगाया था। इस मुद्दे पर भाजपा को देश भर के खिलाडियों का साथ मिला था। लेकिन प्रदेश में मनोहर लाल खट्टर की सरकार को सत्ता में आए ढाई साल का समय बीत चुका है, मगर नाहर सिंह स्टेडियम की बदहाल स्थिति को सुधारना तो दूर, बल्कि वहां अब सरकारी दफ्तर खोलकर स्टेडियम का नामो-निशान तक मिटाए जाने की कोशिश की जा रही है।
खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी