Advertisement
राम को काल्पनिक बताने वाले आस्था की बात कर रहे, ट्रस्ट को बदनाम करना उचित नहीं: सीएम योगी

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद सरकार ने तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। जांच में छह लोग चोरी में शामिल पाए गए हैं और दो अन्य पर साजिश रचने का आरोप है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होना अलग बात है, लेकिन इसके आधार पर पूरे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को बदनाम करना या उस पर उंगली उठाना उचित नहीं है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामभक्तों पर कभी गोली चलाने वाले लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अयोध्या को बदनाम करने का अभियान चला रखा है, जबकि देश का हर रामभक्त अयोध्या के सम्मान और गौरव के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में विकास के बजाय कब्रिस्तानों की चारदीवारी पर धन खर्च किया जाता था और जमीनों को वक्फ के नाम पर दर्ज कराया जाता था। उन्होंने कहा कि जब वक्फ कानून में बदलाव हुआ तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस उसके विरोध में एक साथ खड़ी हो गईं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों का दोहरा चरित्र देखकर गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने कन्नौज में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाने का काम किया। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन परंपरा का सम्मान नहीं करती और उसकी राजनीति परिवारवाद तथा वंशवाद तक सीमित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के समय रामायण मेले की शुरुआत हुई थी, लेकिन आज के समाजवादी राम और कृष्ण से दूरी बनाकर चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति केवल एक परिवार तक सीमित है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट उपेक्षा, भय और अव्यवस्था का प्रतीक बन गया था। आज कानून-व्यवस्था में सुधार, पर्यटन विकास और आधारभूत ढांचे के विस्तार के कारण चित्रकूट देश-दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
उन्होंने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के पास विकास का कोई विजन नहीं है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चित्रकूट
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


