जयपुर ( सत्येेंद्र शुक्ला )। राजस्थान में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकारों ने निजी क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए बंदरबांट की तरह निजी यूनिवर्सिटी खोलने की मंजूरी जरूर दी, लेकिन अभी तक निजी विश्वविद्यालयों की मनमानी को रोकने के लिए कोई आयोग या प्राधिकरण का गठन नहीं हो सका है। प्रदेश में निजी विश्वविद्यालय एक्ट बनने के बाद वर्ष 2008 से अब तक 44 निजी विश्वविद्यालय खुल चुके है। वहीं 31 निजी विश्वविद्यालय खुलने की कतार में है। उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक इन 31 में से 16 निजी यूनिवर्सिटी की तो प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालय राजधानी जयपुर में है। जयपुर में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या 20 है। जबकि उदयपुर में 6, झुंझुनू में 3, अलवर में 3, जोधपुर में दो, वहीं अजमेर, कोटा, बीकानेर, भीलवाडा, सिरोही, चूरू, श्रीगंगानगर, टोंक और सीकर में एक-एक ही निजी यूनिवर्सिटी है। उच्च शिक्षा विभाग के सूत्रों की माने तो निजी यूनिवर्सिटी एक्ट के तहत खुली है, इनकी मनमानी रोकने के लिए सरकार अभी तक कोई एक्ट नहीं बना सकी है और ना ही किसी आयोग या प्राधिकरण का गठन कर सकी है।
सूत्रों के मुताबिक यूजीसी को राज्य सरकार का उच्च शिक्षा विभाग पत्र लिखने जा रहा है कि निजी क्षेत्र की यूनिवर्सिटी की गुणवत्ता के लिए खुद ही निगरानी रखे। साथ ही मनमानी रोकने के लिए खुद ही कोई कदम उठाये। उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजहंस उपाध्याय के मुताबिक केंद्र सरकार से इस बारे में मार्गदर्शन मांगा जा रहा है कि निजी यूनिवर्सिटी के लिए यूजीसी की तर्ज पर प्रदेश में आयोग गठित हो सकता है या नहीं। साथ ही उन्होंने बताया कि अभी तक निजी यूनिवर्सिटी की मनमानी रोकने के लिए कोई एक्ट या नियम नहीं है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही यूजीसी को पत्र लिखने जा रहा है कि वो खुद की इन निजी यूनिवर्सिटी की शिक्षा की गुणवत्ता और उनके खिलाफ आ रही शिकायतों की जांच करें। जिससे छात्रों के साथ कोई धोखाधड़ी नहीं हो सके और छात्र-छात्राओं को गुणवत्ता पूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके।आपको बता दे कि जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी का मामला प्रदेश के सामने है। यहां किस तरह रुपये लेकर फर्जी डिग्रियां बांटी गई थी । इसी तरह की शिकायतें अन्य निजी यूनिवर्सिटी की भी आती रहती है, लेकिन जिसे रुपयों के बलबूते डिग्री चाहिये वो इन निजी यूनिवर्सिटी में जाकर आसानी से डिग्री हासिल कर लेते है ।[@ छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को सरेआम पीटा, वीडियो वायरल]