khaskhabar.com: गुरुवार, 12 जनवरी 2017 7:10 PM (IST)
कानपुर। चकेरी में शातिर चोरों ने कार कंपनी में कार्यरत मैनेजर के घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। घर लौटने पर अलमारी व लॉकर टूटा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मंगला विहार प्रथम में रहने वाले राकेश अवस्थी कार कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। इनके इलाके में दो मकान है। बीती रात वे परिवार के साथ दूसरे मकान पर गए थे। लौटने पर देखा कि मकान की खिड़की टूटी हुई है। अन्दर जाकर देखा तो अलमारी व लॉकर खुला पड़ा था और नगद व जेवरात सहित दस्तावेज गायब थे। चोरी की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी।
पीड़ित ने 30 हजार की नगदी व करीब एक लाख के जेवरात सहित जरूरी दस्तावेज चोरों द्वारा ले जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।