भरतपुर। कला, साहित्य, संस्कृति राज्य मंत्री कृष्णेंद्र कौर दीपा ने शुक्रवार को पंचायत समिति नदबई के ग्राम लुलहारा में रमसा द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कुशल नेतृत्व में जिले में विकासात्मक कार्य तीव्र गति से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार ने मुझे जो पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभा रही हूं। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के कार्यों में परेशानी नहीं आएगी। गांव को खारे पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए आरओ प्लांट शीघ्र लगवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यालय को क्रमोन्नत करवाने के लिए शीघ्र प्रयास किए जाएंगे। गांव में 132 केवी जीएसएस की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे आसपास के गांवों में बिजली समस्या का स्थायी समाधान होगा। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य देवेन्द्र सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंडरपास बनाने की मांग की गई है। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के उपनिदेशक बंशीधर गुर्जर, तहसीलदार प्रदीप जैन, प्रधानाध्यापक युवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।