The Saifai Syndicate wont be able to keep track of the pace at which appointment letters are being distributed; they only know how to count currency notes: CM Yogi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नियुक्ति पत्र बांटने की गति नहीं गिन पाएगा सैफई सिंडिकेट, उसे सिर्फ नोट गिनना आता है : सीएम योगी

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 12:57 PM (IST)
नियुक्ति पत्र बांटने की गति नहीं गिन पाएगा सैफई सिंडिकेट, उसे सिर्फ नोट गिनना आता है : सीएम योगी
लखनऊ । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी सरकार जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसकी गति सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल की कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है। अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों सहित करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई मुन्ना भाई लेकर चला जाता था। वर्ष 2015-16 में हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में थर्ड डिवीजन पाने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एसडीएम का टॉपर बना दिया गया। आज बिना सिफारिश और लेन-देन के मेरिट के आधार पर युवाओं को नियुक्ति मिल रही है। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के युवा से लेकर रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। मेरिट का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।
नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को वित्तीय शुचिता की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार के दबाव में गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करें। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, फिर भी परियोजना अधूरी रही। मौखिक आदेशों के कारण निचले स्तर के कर्मचारी जेल गए, जबकि जनता का पैसा लूटकर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश कर रहे हैं। जेपीएनआईसी के 200 करोड़ रुपये के डीपीआर के मुकाबले 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम अधूरा है।
सीएम योगी ने पुरानी पेंशन को लेकर सपा के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया। वर्तमान सरकार ने कमेटी गठित कर खाते खुलवाए, सरकारी अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और बजट से 10 हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से डरते थे, जबकि हमारी सरकार ने वहां चार लाख घर खरीदारों को उनके फ्लैट दिलाए। साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई और वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। उत्तर प्रदेश बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। अगले चार वर्षों में इसे देश की नंबर-एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एकेटीयू सहित तकनीकी संस्थानों में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। लखनऊ के एचसीएल कैंपस में कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जिनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। आज बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर अपने घर लौट रही हैं। पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनते थे, अब यहां दुनिया की श्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि दुस्साहस करने वाले को अगले दिन लंगड़ाते हुए या जहन्नुम का रास्ता तय करते हुए देखा जा सकता है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वित्तीय अनुशासन है। नवनियुक्त लेखा परीक्षक और सहायक लेखाकार ईमानदारी और निष्ठा से बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करें तथा ई-कोष और ऑनलाइन ऑडिट की कार्यप्रणाली में दक्षता हासिल करें। उन्होंने बताया कि तैनाती मेरिट और अभ्यर्थियों के दिए गए विकल्पों के आधार पर पारदर्शी ढंग से होगी। अब तक नौ लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां हो चुकी हैं और चुनाव से पहले एक लाख और नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने मंच पर 20 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें सहायक लेखाकार पद पर कृष्णकांत व्यास (झांसी), अभय प्रताप सिंह (मैनपुरी), दीपमाला (संतकबीर नगर), सोनम सैनी (मुरादाबाद), शशांक त्रिपाठी (अंबेडकर नगर), कृष्ण रमण (गोरखपुर), मोहित चौहान (मुरादाबाद), उत्तम कुमार सिंह (चंदौली), ममता यादव (रायबरेली), अभिषेक कुमार यादव (जौनपुर), रीतिका सोनकर (कानपुर नगर), उत्सव सक्सेना (शाहजहांपुर), राजदीप (सहारनपुर), अभिषेक कुमार (प्रयागराज) और संस्कृति मेहरोत्रा (लखनऊ) शामिल रहे। लेखा परीक्षक पद पर गौरव पांडेय (अयोध्या), डिम्पल यादव (बलिया), रोहन सोनकर और सान्निध्य सिंह (आजमगढ़) तथा कपिल कुमार (लखीमपुर खीरी) को नियुक्ति पत्र दिए गए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement