पुष्कर में ऊंट खरीद भारत दर्शन पर निकल पड़ा जापानी शिक्षक
khaskhabar.com: सोमवार, 23 जनवरी 2017 9:24 PM (IST)
जैसलमेर। भारतीय लोगों के रहन-सहन और उनकी संस्कृति को निकट से देखने के लिए एक जापानी शिक्षक ने ऊंट पर करीब 461 किलोमीटर का सफर तय किया। पुष्कर से एक ऊंट खरीदकर यह शिक्षक 18 दिनों की दुर्गम यात्रा कर सोमवार को जैसलमेर पहुंचा। रास्ते में ग्रामीणों से मिलते हुए रोजाना महज 25 किमी की यात्रा कर सडक़ किनारे ढाबों पर रात गुजारते हुए आगे बढ़े इस शिक्षक ने अपनी यात्रा को अविस्मर्णीय बताया।
जापानी पर्यटक माशिहारो (25) जापान में शिक्षक है। उसे भारतीय संस्कृति और यहां के लोगों ने हमेशा आकर्षित किया। माशिहारो ने नेट पर भारत के बारे में और अधिक जानकारी हासिल की और दिल्ली पहुंच गया। दिल्ली से वह राजस्थान के पुष्कर पहुंचा। पुष्कर में उसने 25 हजार रुपए में एक ऊंट खरीदा और उस पर सवार होकर पश्चिम राजस्थान की यात्रा पर निकल पड़ा। पुष्कर से जैसलमेर की 461 किलोमीटर दुर्गम यात्रा कर आज ये जापानी शिक्षक जैसलमेर पहुंचा। जैसलमेर पहुंचने पर जैसलमेर के कैमल मैन नाम से प्रसिद्ध नारायण सिंह चारण ने उसका साफा पहनाकर स्वागत किया तथा ऊंट पर उसकी यात्रा को सराहनीय बताते हुए उसे ऊंटों के प्रति लगाव के लिए धन्यवाद दिया।
जैसलमेर पहुंचे जापानी शिक्षक माशिहारो को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई उससे ऊंट के साथ इस लंबे सफर के बारे में जानना चाहता है। उसने बताया कि ऊंट का चयन रेगिस्तान के अनुसार किया। दूसरा ऊंट का खानपान बहुत सीमित और सस्ता है। ऊंट का कुछ चारा वह साथ लेकर चलता है। वहीं रास्ते में थोड़ी देर के लिए पेड़ों के बीच ऊंट को छोड़ देता है। ऊंट की सवारी में उसे दो-तीन दिन तक तो काफी परेशानी हुई। एक बार उसकी कमर ने जवाब दे दिया, लेकिन बाद में उसे आदत हो गई। ऊंट पर बैठ वह रोजाना 25 से 30 किमी का सफर करता था। रास्ते में पडऩे वाले गांवों के लोगों से बात करते हुए वह आगे बढ़ता रहता था। रात में ऊंट के साथ सडक़ किनारे बने ढाबों पर ठहर जाता था। उसने बताया कि पूरे रास्ते उसे लोगों ने बहुत अपनत्व से मुलाकात की। उसे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आई। उसे भाषा की समस्य जरूर आई, मगर उसने इस यात्रा में हिंदी के कुछ शब्द सीख लिए थे, जैसे खाना-पीना, ऊंट, चारा, धन्यवाद आदि, जिससे उसे इस सफर में काफी राहत मिली। उसने बताया कि यह सफर उसके लिए यादगार रहेगा। भारत बहुत ही सुंदर जगह है और वह हमेशा यहां आना चाहेगा।