Surya Kiran: Joint Exercise Against Terrorists in Challenging Terrain-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सूर्यकिरणः आतंकवादियों के खिलाफ दुर्गम इलाकों में संयुक्त अभ्यास

khaskhabar.com: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 7:21 PM (IST)
सूर्यकिरणः आतंकवादियों के खिलाफ दुर्गम इलाकों में संयुक्त अभ्यास
नई दिल्ली। आतंकियों से निपटने से लेकर हेलीकॉप्टर के जरिए अंजाम दिए जाने वाले सैन्य ऑपरेशन तक, भारत और नेपाल के 668 जवानों ने एक संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। इस महत्वपूर्ण अभ्यास में आतंकवादियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, दुर्गम इलाकों में सैन्य अभियान और हेलीकॉप्टर से सैनिकों की तैनाती का अभ्यास किया जाएगा। भारत और नेपाल की सेनाएं अगले 14 दिनों तक इन जटिल मोर्चों पर अपनी तैयारियों को परखेंगी। दोनों देशों के इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का नाम ‘सूर्यकिरण’ और यह इसका यह 20वां संस्करण है। ‘सूर्यकिरण’ अभ्यास 25 नवंबर को नेपाल में शुरू हो गया। इसमें भारत और नेपाल के 334-334 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का यह अभ्यास 8 दिसंबर तक नेपाल के सलझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में चलेगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अभ्यास में भारतीय सेना की ओर से कुमाऊं रेजिमेंट के जवान शामिल हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर नेपाल की सेना का प्रतिनिधित्व श्री ज्वाला दल बटालियन कर रही है। उद्घाटन समारोह में नेपाल सेना के मिड वेस्टर्न डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल पूर्ण बहादुर खत्री मौजूद रहे। इस अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक आतंकवाद और उग्रवाद से निपटने के लिए मिलकर सैन्य अभियान चलाने का प्रशिक्षण लेंगे।
खास बात यह है कि अभ्यास केवल हथियारों और सामरिक रणनीति तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें हेलीकॉप्टर के जरिए सैनिकों को अभियान स्थल तक पहुंचाने, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य और घायलों को चिकित्सा सहायता देने का भी अभ्यास होगा। सैनिक एक-दूसरे के अभियान अनुभव और काम करने के तरीके साझा करेंगे। इस संयुक्त सैन्य अभ्यास से मुश्किल परिस्थितियों में दोनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने और संयुक्त कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
दरअसल सूर्यकिरण भारत और नेपाल के बीच हर साल होने वाला सैन्य अभ्यास है। इसकी मेजबानी दोनों देश बारी-बारी से करते हैं। इस बार नेपाल इसकी मेजबानी कर रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास और सैन्य सहयोग को मजबूत करने के साथ क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के साझा प्रयासों को भी आगे बढ़ाएगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement