Strict action will be taken against the brick kilns spreading pollution: District Collector-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रदूषण फैलाने वाले ईंट भट्टों पर सख्त कार्रवाईयां की जाएगी : जिला कलेक्टर

khaskhabar.com: मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024 4:33 PM (IST)
प्रदूषण फैलाने वाले ईंट भट्टों पर सख्त कार्रवाईयां की जाएगी : जिला कलेक्टर
हनुमानगढ़। जिले में पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है। नियमों की अवहेलना करने के साथ प्रदूषण फैलाने वाले ईंट भट्टों पर सख्त कार्रवाईयां की जाएगी। इसके लिए राजस्व, खनन विभाग और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों की एक टीम का गठन किया है। यह टीम मौका निरीक्षण कर 15 दिन में विस्तृत रिपोर्ट जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इस सम्बंध में जिला कलेक्टर काना राम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति बैठक में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पैरामीटर्स पर ईंट भट्टों की जांच करें। इसमें कौताही नहीं बरतें। हमारे लिए आमजन का बेहतर स्वास्थ्य और प्रदूषण रहित वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण में भट्टों पर चिमनी की हाइट, शहरी क्षेत्र में संचालन की स्थिति, नए नियमों के अनुरूप संचालन सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जाए। काना राम ने बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग घरों से निकलने वाले वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण के लिए आमजन को जागरुक करें। नगर परिषद घरों से कचरा एकत्रित करने वाले वाहनों में एक बाॅक्स बायो मेडिकल वेस्ट के लिए भी लगाए। लोगों को उसी में वेस्ट डालने के लिए प्रेरित करें।
जिला कलेक्टर ने पाॅलिथीन इस्तेमाल रोकथाम और कपड़ा व जूट कैरी बैग का उपयोग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडियों और अन्य बाजारों में पाॅलिथीन उपयोग पर कार्रवाई करें। व्यापार मंडलों, दुकानदारों से वार्ता कर समझाइश की जाए। उन्होंने मानसून में रोपे गए पौधों की देखरेख सुनिश्चित कराने, नष्ट हो चुके पौधों की जगह दूसरे लगाने के लिए उप वन संरक्षक को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के महाअभियान को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए मानसून के पौधों का सत्यापन कराते हुए सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
काना राम ने कहा कि पराली जलाने से भी प्रदूषण हो सकता है। इसलिए कृषि पर्यवेक्षक खेतों में जाकर किसानों को जागरुक करें। फिर भी नहीं मानने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि औद्योगिक रासयनिक अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन एवं निष्पादन के लिए स्वयं रीको क्षेत्र में जाकर बैठक करेंगे।
उप वन संरक्षक सुरेश कुमार आबुसरिया ने गत बैठक के निर्देशों पर अनुपालना रिपोर्ट से अवगत कराया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकंवर, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र महाप्रबंधक आकाशदीप सिद्धू, रीको क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव सहित सम्बधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement