Advertisement
मोहन भागवत के जेन-जी वाले बयान पर सपा का पलटवार, कहा- युवाओं से मिल रही चुनौतियों से सरकार चिंतित

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की जेन जी आंदोलन को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राम गोपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं से मिल रही चुनौतियों को लेकर चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार राजनीतिक रूप से दबाव में आती है, तब वह आरएसएस की ओर रुख करती है और उससे रास्ता निकालने या अपनी ओर से बयान देने की अपेक्षा करती है।
इसी मुद्दे पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यदि आरएसएस प्रमुख युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की सीख दे रहे हैं, तो उन्हें पहले अपनी ही सरकार को इस सलाह का पालन करने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कई स्थानों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और गोलीबारी जैसी कार्रवाई की गई, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
महिला आरक्षण विधेयक पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह विधेयक पहले ही संसद से सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। उनके अनुसार अब सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है और इसकी जिम्मेदारी विपक्ष पर डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस कानून को जल्द लागू करे ताकि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का लाभ मिल सके।
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जुड़े छात्रों के आंदोलन पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे छात्र झारखंड के हों, उत्तर प्रदेश, राजस्थान या किसी अन्य राज्य के, सभी देश के भविष्य हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार उनके समाधान के प्रति अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की अपील पर भी अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष भी सदन को व्यवस्थित ढंग से चलाने का पक्षधर है, लेकिन सांसदों को ज़ीरो आवर के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उनका आरोप था कि जीरो आवर (शून्यकाल) में भी व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


