बिलासपुर। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में आगामी 24 से 28 अप्रैल तक चलने वाली आईएचएफ कॉन्टिनेंटल ट्राॅफी फेज-2 में भाग लेने वाली भारतीय अंडर 20 महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले संभावित खिलाड़ियों में बिलासपुर की दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोनिका तथा निधि शर्मा का चयन हुआ है। यह जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव प्रवेश मोंटी ने बताया कि हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ी दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में पिछले दिनों आयोजित ट्रायल्स में किये प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित 18 खिलाड़ियों में जगह बनाने में सफल हुई हैं। प्रशिक्षण शिविर के बाद अंतिम 14 खिलाड़ियों का चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाली भारतीय टीम में किया जाएगा। हिमाचल हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष बम्बर ठाकुर ने दोनो खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मौजूदा फार्म तथा अंतरराष्ट्रीय अनुभव को देखते हुए दोनों हिमाचली बालाएं भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित कर लेंगी। उन्हें बिलासपुर आने पर सम्मानित किया जायेगा।