Advertisement
एससी पॉलिटिक्स - दो मेघवाल नेताओं में उलझी भाजपा, कांग्रेस प्रियंका गांधी के जरिए वोट साधने में जुटी

पूर्व विधानसभाध्यक्ष कैलाश मेघवाल औऱ केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के विवाद ने इसे ज्यादा हवा दी है। भाजपा जहां अभी भी दो मेघवाल नेताओं के बीच लड़ाई में उलझी हुई है, वहीं कांग्रेस ने अनुसूचित जाति की सीटों पर कब्जा जमाने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। क्योंकि यह माना जाता है कि अनुसूचित जाति बहुल 34 सीटों में से जिस पार्टी को सर्वाधिक सीटें मिलती हैं, उसके लिए सरकार बनाना आसान हो जाता है। इसी रणनति के तहत कांग्रेस ने 10 सितंबर को टोंक के निवाई में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की सभा रखवाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 से फ्री होकर राजस्थान को फोकस करेंगे। ऐसा पार्टी सूत्रों का कहना है। लेकिन, यह सही है कि राजस्थान की सियासी खिचड़ी दिल्ली में पक रही है। शतरंज की चालों की तरह ही दोनों ही दलों में मोहरों को जमाने की कोशिशें की जा रही हैं। लेकिन, मोहरे पकड़ से बाहर होते जा रहे हैं।
भाजपा ने कूटनीति अपनाकर वसुंधरा राजे को उनकी शर्तों के बिना ही प्रदेश में सक्रिय कर दिया है। लेकिन, कांग्रेस के पास राजस्थान में वसुंधरा राजे के मुकाबले की महिला नेता नहीं है। यही वजह है कि अब कांग्रेस ने राजस्थान में प्रियंका गांधी पर दांव खेला है।
सूत्रों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की तरह ही प्रियंका गांधी राजस्थान के लगातार दौरे करने वाली हैं। कांग्रेस प्रियंका गांधी की निवाई में रैली करवाने जा रही है। चूंकि निवाई टोंक में है और वहां से सचिन पायलट विधायक भी हैं।
देखना होगा कि रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच की खाई कितनी पट पाती है? निवाई में सभा करवाकर कांग्रेस राजस्थान की उन 34 सीटों पर फोकस करना चाहती है, जहां एससी वोटर्स प्रभावशाली हैं। राज्य में एससी वर्ग के 18 प्रतिशत मतदाता हैं।
इधर, भाजपा अभी दो दिग्गज मेघवाल नेताओं के बीच फंसी हुई है। सबसे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल पर निशाना साधा और उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने इस पर कैलाश मेघवाल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है क्योंकि यह मामला अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि में आता है। लेकिन, इस नोटिस का जवाब दिए जाने की अवधि गुजर जाने के बाद भी भाजपा ने खुलासा नहीं किया है कि मेघवाल ने आखिर जवाब क्या दिया। क्या उनका संतोषजनक है अथवा पार्टी उन पर अनुशासनहीनता के लिए कार्रवाई कर रही है। इस पर पार्टी ने पूरी तरह चुप्पी साध ली है।
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अर्जुनराम मेघवाल के खिलाफ लगाए आरोपों की जांच करवाने की बात कही थी। लेकिन, इस मुद्दे पर भी भाजपा की ओर से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बहरहाल, एससी वर्ग की सीटों को लेकर भाजपा की रणनीति अभी सामने नहीं आई है। लेकिन, अनुसूचित जाति वर्ग की नजर भाजपा और कांग्रेस की रणनीति पर टिकी है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


