RERA imposes penalty of Rs 1 lakh on Udaipur Vaidehi Developers-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

उदयपुर के वैदेही डेवलपर्स पर RERA ने लगाई 1 लाख रुपए की पेनल्टी

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 दिसम्बर 2024 11:22 PM (IST)
उदयपुर के वैदेही डेवलपर्स पर RERA ने लगाई 1 लाख रुपए की पेनल्टी
- गिरिराज अग्रवाल - जयपुर। राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RAJ RERA) ने उदयपुर में होटल ट्राइडेंट रोड स्थित वैदेही डेवलपर्स पर 1 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई है। इसके अतिरिक्त बिल्डर्स द्वारा पीड़ित ग्राहकों को मुकदमा खर्च के लिए 20 हजार रुपए अलग से देने होंगे। रेरा अथॉरिटी के एडज्यूकेटिंग ऑफिसर आर. एस. कुलहरि ने टोंक में खरेड़ा निवासी युगराज सिंह राजावत और उसकी पत्नी सुनयना कंवर की शिकायत पर 17 दिसंबर 2024 को यह फैसला सुनाया। रेरा अथॉरिटी ने फ्लैट का कब्जा में देने अत्यधिक देरी को बिल्डर्स का सेवादोष मानते हुए दोनों ग्राहकों को हुई मानसिक परेशानी, हैरानी और बैंक लोन पर ब्याज के भार को देखते हुए और भी राहत दिलाई है। रेरा अथॉरिटी ने फैसले में कहा है कि अप्रार्थी वैदेही डेवलपर्स दोनों ग्राहकों को उनकी जमा राशि पर डिपॉजिट की तारीख से 31 जुलाई, 2022 तक 12 प्रतिशत सालाना दर से बतौर मुआवजा ब्याज राशि का भुगतान करे।
इसके अतिरिक्त रेरा द्वारा दिलाए गए ब्याज के अलावा 24 लाख 78 हजार 100 रुपए पर 1 अगस्त 2024 से भुगतान की तारीख तक डेढ़ प्रतिशत ब्याज का भुगतान और करे। इस फैसले का पालन 45 दिन में करना जरूरी होगा। अगर इसमें देरी हुई तो फैसले की ताऱीख से भुगतान की तारीख तक संपूर्ण देय राशि पर 2 प्रतिशत सालाना ब्याज और देना होगा।
जानिए, आखिर क्या था पूरा मामलाः
प्रकरण के मुताबिक दोनों ग्राहकों ने वैदेही प्रीमियम अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट संख्या बी, जी-1 बुक कराया था। इसकी कुल कीमत 29 लाख 21 हजार रुपए टैक्स सहित तय हुई थी। बुकिंग के समय उन्होंने 29 दिसंबर, 2020 को 2100 रुपए जमा करवाए। इसका एग्रीमेंट टू सेल 19 जनवरी, 2021 को लिखा गया। इसके मुताबिक दिसंबर, 2021 में फ्लैट का कब्जा मिल जाना चाहिए था। लेकिन, बिल्डर ने रेरा अथॉरिटी में एप्लीकेशन लगाने तक फ्लैट का कब्जा नहीं दिया। जबकि दोनों ग्राहकों ने बैंक से लोन और इधऱ-उधर से करके समय-समय पर कुल 24 लाख 78 हजार 100 रुपए जमा करवा दिए। 4 साल में भी फ्लैट का कब्जा नहीं मिलने से उनके अपने निजी आशियाने का सपना चकनाचूर हो गया। बैंक लोन पर ब्याज और ईएमआई भुगत रहे हैं सो अलग। इसलिए उन्हें पर्याप्त मुआवजा राशि दिलाई जाए।
बिल्डर की ओऱ से दी गई सभी दलीलें नामंजूरः
सुनवाई के दौरान बिल्डर पक्ष की ओऱ से कहा गया कि फ्लैट का कब्जा देने की तारीख 4 अप्रैल, 2024 है, लेकिन उन्होंने पहले ही परिवाद पेश कर दिया। प्रोजेक्ट को पूरा करने में देरी के लिए ऐसे कारण जिम्मेदार हैं जो बिल्डर के नियंत्रण में नहीं थे। जैसे कोविड 19 महामारी के कारण कई कार्य ठप हो गए। बिल्डिंग मैटेरियल की अनुपलब्धता रही। जीएसटी और नोटबंदी के कारण बाकी लोगों ने समय पर देय राशि जमा नहीं कराई। इसलिए परिवाद खारिज किया जाना चाहिए। लेकिन, रेरा अथॉरिटी ने ये सभी दलीलें नामंजूर कर दीं। पूरा फैसला पढ़ने के लिए यहां क्लिक करिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement