Relevance and need of Congress is getting lost in the country - BJP-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

देश में समाप्त होती जा रही है कांग्रेस की प्रासंगिकता और आवश्यकता - भाजपा

khaskhabar.com: गुरुवार, 26 मई 2022 10:30 PM (IST)
देश में समाप्त होती जा रही है कांग्रेस की प्रासंगिकता और आवश्यकता - भाजपा
नई दिल्ली । '8 साल, 8 छल, भाजपा विफल' के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की प्रासंगिकता और आवश्यकता अब देश में समाप्त होती जाती रही है। मोदी सरकार के 8 वर्षों के कार्यकाल में तमाम चुनौतियों के बावजूद दुनिया के विकसित देशों की तुलना में तेज आर्थिक विकास दर, अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर लगातार बढ़ रहे भारत के प्रभाव और बदल रही छवि का जिक्र करते हुए भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की आंखें बंद हैं, इसलिए उसे नया भारत दिखाई नहीं दे रहा है। दरअसल, नरेंद्र मोदी पहली बार 26 मई, 2014 को देश के प्रधानमंत्री बने थे और उन्हें देश की बागडोर संभाले आठ वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। सरकार के आठ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और विफलताओं को लेकर सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस एक दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने '8 साल, 8 छल, भाजपा विफल' के नारे के जरिए मोदी सरकार पर हर मोर्चे पर असफल रहने का आरोप लगाया तो पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि आंखें बंद होने के कारण उसे नया भारत दिखाई ही नहीं दे रहा है। भाजपा राज्य सभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि गर्व से देश की सबसे पुरानी पार्टी होने का दावा करने वाली कांग्रेस की हालत लगातार खराब होती जा रही है और हाल के दिनों में कांग्रेस के अंदर जो कुछ हो रहा है, उससे यह साफ-साफ दिख रहा है कि देश में कांग्रेस की प्रासंगिकता और आवश्यकता समाप्त होती जा रही है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जब विश्व में इतनी चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितियां हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार की कुशल नीतियों के चलते भारत की ग्रोथ रेट, इन्फ्लेशन रेट से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की ग्रोथ रेट 8.5 प्रतिशत है जबकि इन्फ्लेशन रेट 7.5 प्रतिशत है। जबकि अमेरिका, भारत के पड़ोसी और यूरोपीय देशों के साथ-साथ जिस देश में वो (राहुल) गए थे, वहां भी इन्फ्लेशन की दर ज्यादातर जगह दहाई अंकों में या इससे भी अधिक ऊपर है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह दावा किया कि पिछले 8 सालों में भारत की सॉफ्ट स्टेट की छवि बदली है, अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रभाव बढ़ा है। भारत तेजी से बदल रहा है लेकिन यह नया भारत कांग्रेस को दिखाई नहीं दे रहा है क्योंकि कांग्रेस की आंखें बंद हैं या खुली ही नहीं हैं।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जिसकी जैसी नजर होती है उसे वैसा ही नजारा दिखता है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement