Rajasthan issues stuck in the Centre: Bhajan Lal government could not even get the drought code amended, the issue is pending for 6 years-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

केंद्र में अटके राजस्थानी मुद्देः सूखा संहिता में संशोधन तक नहीं करवा पाई भजन लाल सरकार, 6 साल से पेडिंग है मुद्दा

khaskhabar.com: शनिवार, 02 अगस्त 2025 3:16 PM (IST)
केंद्र में अटके राजस्थानी मुद्देः सूखा संहिता में संशोधन तक नहीं करवा पाई भजन लाल सरकार, 6 साल से पेडिंग है मुद्दा
- गिरिराज अग्रवाल- जयपुर। राजस्थान के लाखों किसान पिछले छह साल से एक ऐसे फैसले का इंतजार कर रहे हैं, जो उनकी फसल और जीवन को सूखे की मार से बचा सके। लेकिन, विडंबना देखिए कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी (भाजपा) की सरकार होने के बावजूद, उनकी सबसे बड़ी उम्मीद 'सूखा प्रबंधन संहिता 2016' में संशोधन का प्रस्ताव केंद्रीय कृषि मंत्रालय की फाइलों में धूल फांक रहा है।
राज्य के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, जो आए दिन आम जन के मुद्दे उठाकर सुर्खियां बटोरते रहते हैं, वे भी इस मामले में कुछ नहीं कर पा रहे हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी केंद्र सरकार से संशोधन नहीं करवा पा रहे हैं। यह मुद्दा अब केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक भी बनता जा रहा है, जहाँ अपनी ही सरकारों के बीच समन्वय की कमी किसानों को भारी पड़ रही है।
क्या है असली समस्या? दरअसल, गृह मंत्रालय द्वारा अनिवार्य की गई 'सूखा प्रबंधन संहिता 2016' के तहत, किसी भी क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित है। यह घोषणा अगले 6 महीने तक यानी अप्रैल तक ही प्रभावी रहती है। राजस्थान सरकार का तर्क है कि यह प्रावधान राज्य की भौगोलिक स्थिति के बिलकुल विपरीत है। सामान्यतया, राजस्थान में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में आता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान, जो सबसे अधिक सूखा प्रभावित रहता है, में यह जुलाई के तीसरे सप्ताह तक पहुँचता है।
राज्य सरकार का कहना है कि सूखे का सर्वाधिक विपरीत प्रभाव और राहत गतिविधियों की सबसे ज्यादा आवश्यकता अप्रैल से जुलाई के बीच होती है, जब वर्तमान संहिता के अनुसार सूखा अधिसूचना प्रभावी ही नहीं रहती। ऐसे में किसानों को सबसे मुश्किल समय में कोई सरकारी मदद नहीं मिल पाती। इसलिए राज्य सरकार ने केंद्र से अनुरोध किया है कि सूखा घोषणा की अवधि को आवश्यकतानुसार आगामी वर्ष के जुलाई माह तक, या मानसून आने तक (जो भी पहले हो) तक बढ़ाया जाए।
6 साल से लगातार चल रहा है पत्राचारः
यह कोई नई मांग नहीं है। राजस्थान सरकार ने 2018 से लगातार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को पत्र लिखे हैं। इसके तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 6 मार्च 2018 और 2 अगस्त 2019 को केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा। इनके साथ ही मुख्य सचिव, ने 24 अप्रैल 2018 को सचिव, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय को पत्र भेजा। यहां तक कि वर्तमान भाजपा सरकार में भी मंत्री, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा, राजस्थान सरकार ने 19 जून 2023, 27 फरवरी 2024 और 24 अप्रैल 2025 को केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र भेजकर इस मांग को दोहराया है।
इन तमाम कोशिशों के बावजूद, आज तक इस संहिता में कोई संशोधन नहीं हुआ है। सवाल यह है कि जब राज्य और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार है, तो किसानों से जुड़े इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर यह विलंब क्यों हो रहा है? क्या सरकार के भीतर ही इस मुद्दे पर कोई मतभेद है, या यह केवल प्रशासनिक उदासीनता का एक और उदाहरण है? लाखों किसान अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि उनकी पीड़ा पर ध्यान कब दिया जाएगा, और उनकी 'सूखा प्रबंधन संहिता' में संशोधन की मांग कब पूरी होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement