सर्दी की चपेट में समूचा प्रदेश, कई स्थानों पर शून्य से कम तापमान
khaskhabar.com: शनिवार, 14 जनवरी 2017 11:58 AM (IST)
जयपुर। समूचे प्रदेश में सर्दी का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण राजस्थान शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी ठिठुरा रहा। चूरू, माउंट आबू व सीकर में तापमान जहां शून्य से नीचे रहा वहीं जयपुर, भरतपुर, सीकर, उदयपुर, अजमेर सहित सभी शहरों में शीतलहर का दौर जारी है। सर्दी का आलम यह है कि झुंझुनूं में फव्वारे से निकलने वाली बूंदें जम गईं। जयपुर में दो दिन में चार डिग्री से नीचे पहुंचा पारा पिछले दो दिन चार डिग्री के इर्द-गिर्द जमा रहा। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर का तापमान शनिवार को 5.0 डिग्री सेल्सयस रहा। सर्दी व कोहरे से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। माउंट आबू, चूरू, गंगानगर सहित कई शहरों में पारे में मामूली उछाल आया लेकिन, चूरू, माउंट आबू में तापमान शून्य से नीचे ही बना हुआ है। सीकर सीजन में पहली बार शून्य से नीचे तापमान पहुंच गया है। अजमेर में सर्दी ने 12 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। न्यूनतम पारा 3 डिग्री पहुंच गया। सुबह की शुरुआत ओस और धुंध के साथ हुई। बगीचों, छतों एवं वाहनों पर ओस जमी नजर आई। सुबह शहर में धुंध का असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उदयपुर में भी ठंड ने कंपकंपी छुड़ा दी है। यहां तापमान में लगातार गिरावट के क्रम में शनिवार को तापमान और घटकर 2.2 डिग्री पर पहुंच गया। एक दिन पूर्व शहर का तापमान 2.5 डिग्री था। झुंझुनूं में सर्द हवाओं के चलने से जिले में पारा लगातार गिर रहा है। पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान करीब नौ डिग्री तक गिर चुका है। न्यूनतम तापमान कम होने और शीतलहर के चलने से जिला सर्दी की चपेट में चुका है। झुंझुनूं में तापमान कम होने के कारण सिंचाई के लिए फव्वारों से निकलते ही पानी की बूंद जमने लगी है। पाला पडऩे एवं शीतलहर के चलते जिले में हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। सुबह के समय खेतों में पौधों पर बर्फ जमी हुई थी। पिलानी मौसम केंद्र के मुताबिक अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री से बढक़र 20.7 डिग्री सेल्सियस गया। न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री से गिरकर 1.9 सेल्सियस गया।