टोंक। टोंक पंचायत समिति के प्रधान जगदीश गुर्जर ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता ले ली। जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, संगठन प्रभारी सुरेश टांक और कोर कमेटी के अन्य सदस्यों ने प्रधान जगदीश गुर्जर को भाजपा की सदस्यता दिलाई। सर्किट हाउस में हुई बैठक के दौरान गुर्जर ने भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर जिला भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रमुख सत्यनारायण चैधरी, निवाई-पीपलू विधायक हीरालाल रैगर, देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर, टोंक विधायक अजीत सिंह मेहता, जिला महामंत्री दीपक संगत, हेमंत लाम्बा, रामचन्द्र गुर्जर और भाजपा कोर कमेटी के सदस्य पूर्व विधायक जीतराम चैधरी भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले के नवगठित 24 मण्डलों में से 19 मण्डलों के गठन की सूची सौंपी गई और शेष मण्डलों के गठन की अतिशीघ्र सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में भाजपा के समर्पण निधि कार्यक्रम के लिए कमेटी की ओर से जिला महामंत्री रामचंद्र गुर्जर को जिला संयोजक बनाया गया। जो आगामी एक महीने में इस कार्यक्रम को सभी मण्डल स्तर पर सम्पूर्ण कराने की सुनिश्चितता करेंगे। साथ ही समर्पण कार्यक्रम में सांसद, जिला प्रमुख, समस्त विधायक, सभापति, प्रधान, पार्टी पदाधिकारी, उपप्रधान, नगरपालिका अध्यक्ष, पार्षद, सरपंच सहित सभी जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। बैठक में विस्तारक योजना सूची पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी की आगामी बैठक मई के प्रथम सप्ताह में टोडारायसिंह में करने पर भी सहमति बनी।