जयपुर। शहर के तंत्री सम्राट पं सलिल भट्ट ने सात्विक वीणा साज पर सुरों के खूबसूरत लगाव से दानिशमंद श्रोताओं के दिलों को छू लिया। ठाकुर किशन सिंह स्मृति समारोह समिति की ओर से शनिवार को जवाहर कला केन्द्र के कृष्णायन सभागार में संजोए 15वें ठाकुर किशनसिंह संगीत समारोह में फनकार पं सलिल भट्ट ने राग जोग आधारित अपने गुरु पिता पं विश्वमोहन भट्ट की ग्रैमी अवार्ड विनिंग धुन पेश कर अपनी पारिवारिक संगीत विरासत से भी रूबरू कराया। गौरतलब है कि हाल ही नई दिल्ली में अलंकरण समारोह में विख्यात मोहनवीणा वादक पं विश्वमोहन भट्ट को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पद्मभूषण से सम्मानित किया है। पारंपरिक शैली में पिरोई आलापचारीपं सलिल भट्ट ने राग बागेश्वरी से अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने सुरों की उम्दा आईनबंदी कर राग बागेश्वरी का श्रृंगार किया। उन्होंने पारंपरिक शैली में आलापचारी से सभागार में सुरों की मिठास घोल दी। झाला में भी उन्होंने सधी हाथों से बर्करफ्तारी का बखूबी प्रदर्शन किया। इसमें उन्होंने दुष्कर समझे जाने वाले खास मैरुखंड की खूबसूरत बानगी पेश कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। फिर विलंबित गत तीन ताल और दु्रत गत तीन ताल का भरपूर विस्तार के माहौल को अपने ही रंग में रंग लिया। बनारसी बाज तबला नवाज हिमांशु महंत ने दमदार संगत कर कार्यक्रम में रौनक भर दी। दोनों फनकारों ने स्वर ताल संवाद की दिलकश प्रस्तुति से संगीत का इन्द्रधनुषी नजारा पेश किया। अंत में कलाकार पं सलिल भट्ट ने दादरा ताल में निबद्ध राग पहाड़ी और भूपाली की सुरीली धुन पेश कर अपने कार्यक्रम को विराम दिया। इसी कड़ी में युवा कलाकार मनप्रीत सिंह ने तीन ताल में सोलो तबला वादन किया। उन्होंने बनारस घराने में पेशकार, कायदे के अलावा रैला, गतें और परणें भी प्रस्तुत कीं।इन कलाकारों का हुआ सम्मानसमारोह के दौरान कलाकार पं सलिल भट्ट, वरिष्ठ संगीतज्ञ पं राजीव भट्ट, लेखिका व कोरियोग्राफर प्रोमिला भट्ट और वरिष्ठ क्लैरिनेट वादक बजरंगलाल लुणावत का सम्मान भी किया गया। ठाकुर किशन सिंह के छोटे बेटे अशोक कुमार ने सभी कलाकारों का माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष उर्मिला उपाध्याय और सचिव डॉ त्रिपुरारी सक्सेना भी मौजूद रहे। अंत में समिति अध्यक्ष उर्मिला उपाध्याय की ओर से सभी आगन्तुकों का आभार जताया गया।