पंपोर। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर इलाके में स्थित एक
सरकारी इमारत में छिपे आतंकियों के साथ मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी
सुरक्षाबलों की मुठभेड़ जारी है। पूरी रात दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी
जारी रही। लेकिन सुरक्षाबलों ने अब आतंकियों के खिलाफ अभियान को और तेज कर
दिया है।
एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआई)
की इमारत से सोमवार को गोलियां चलने की आवाजें सुनी गई थी, जिसके बाद
बिल्डिंग को खाली करवा लिया गया। इस फायरिंग में सेना का एक जवान घायल हो
गया था। दोनों ओर से गोलीबारी अभी भी जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि
आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षाबलों ने आज सुबह से हमले तेज कर दिए हैं।
तीन से चार आतंकी सोमवार तडक़े ईडीआई परिसर में घुस गए थे और इनमें से एक
इमारत में उन्होंने पोजीशन ले ली थी। ऐसी आशंका है कि ये आतंकी परिसर में
नदी किनारे से घुसे हो सकते हैं, लेकिन इसकी पुष्टि अभियान खत्म होने के
बाद ही हो सकेगी।