नई दिल्ली। भारत के पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भारत की
सर्जिकल स्ट्राइक से घबराए पाकिस्तान ने सीमा पर सेना का जमावड़ा बढ़ा दिया
है। पाकिस्तानी सेना जम्मू की सीमा से सटे आबादी वाले इलाकों को खाली करा
रही है। पाकिस्तान यह अभियान कश्मीर के बजाए जम्मू से सटी सीमा पर ज्यादा
व्यापक स्तर पर चला रहा है। यह जानकारी ताजा खुफिया इनपुट में दी गई है।
एक
शीर्ष सरकारी सूत्र ने बताया कि भारतीय सेना की सीमा पर बढ़ी तैनाती और
अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रहने वाले लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षित
जगहों पर भेजने के बाद पाकिस्तानी सेना की यह कार्रवाई देखने को मिल रही
है। एक खुफिया अधिकारी के मुताबिक, पीओके में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद
पाकिस्तानी सेना की यह कार्रवाई एहतियातन लग रही है। वहीं एक अन्य खुफिया
सूत्र ने बताया कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तानी अधिकारियों को यह डर है कि
भारतीय सेना कहीं जम्मू सीमा से सटे पीओके के आतंकी लॉन्च पैड पर अगला हमला
न कर दे। लेकिन सीमा पर जिहादियों की बढ़ती गतिविधियों से ऐसा लग रहा है
कि आने वाले दिनों में घुसपैठ की घटनाएं बढ़ सकती हैं और यही सुरक्षा
एजेंसियों को चिंता में डाल रही है।