One-Day Conference of the Hind Rural Journalists Association Held in Mount Abu-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:30 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

माउंट आबू में हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 मार्च 2026 6:16 PM (IST)
माउंट आबू में हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित
जयपुर । माउंट आबू (राजस्थान) में हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन में देश एवं प्रदेश के ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा, अधिकारों और सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में कहा गया कि ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण पत्रकार समाज, प्रशासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनके हितों की रक्षा और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। प्रस्ताव में कहा गया कि ग्रामीण पत्रकारों के लिए सरकार द्वारा आवासीय योजना अथवा पत्रकार आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले पत्रकारों को भी सम्मानजनक आवासीय सुविधा प्राप्त हो सके।
इसके साथ ही पत्रकारों पर बढ़ते हमलों को रोकने के लिए प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। सम्मेलन में यह भी कहा गया कि जिला एवं राज्य स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों, कार्यक्रमों तथा प्रेस वार्ताओं में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए सरल और सम्मानजनक प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि राज्य के मान्यता प्राप्त ग्रामीण पत्रकारों को विधानसभा सत्र के दौरान प्रेस गैलरी में प्रवेश के लिए पास उपलब्ध कराए जाएं तथा राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों और विशेष अवसरों पर ग्रामीण पत्रकारों को भी संसद परिसर में प्रवेश पास प्रदान करने की व्यवस्था की जाए।
सम्मेलन में यह भी कहा गया कि ग्रामीण पत्रकारों के अधिस्वीकरण (एक्रेडिटेशन) की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाया जाए तथा जिला एवं राज्य स्तर की अधिस्वीकरण समितियों में ग्रामीण पत्रकारों और लघु समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
इसके साथ ही यह मांग भी रखी गई कि पत्रकारों से संबंधित कार्यों को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए अधिस्वीकरण सलाहकार समिति एवं वर्गीकृत सलाहकार समिति का शीघ्र गठन किया जाए तथा इन दोनों समितियों में हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि ग्रामीण पत्रकारों और लघु समाचार पत्रों से जुड़े वास्तविक मुद्दों और सुझावों को नीतिगत निर्णयों में उचित स्थान मिल सके।
इसके अतिरिक्त पत्रकारों के लिए बीमा, पेंशन, चिकित्सा सहायता तथा आपातकालीन सहायता कोष जैसी पत्रकार कल्याण योजनाओं का विस्तार करने की मांग भी प्रस्ताव में शामिल की गई।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से प्रकाशित समाचार पत्रों के लिए सरकारी विज्ञापनों की एक स्पष्ट, पारदर्शी और न्यायसंगत नीति बनाई जानी चाहिए, जिससे छोटे और ग्रामीण समाचार पत्रों को भी समान अवसर और आर्थिक सहयोग मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ के अध्यक्ष सीताराम मीणा ने की। इस अवसर पर उन्होंने संघ की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए राज्य सरकार से पत्रकारों की आवासीय समस्या के समाधान के लिए आवासीय भूखंड अथवा फ्लैट उपलब्ध कराने की मांग रखी।
हिंद ग्रामीण पत्रकार संघ की ओर से कहा गया कि केंद्र एवं राज्य सरकारों को ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण स्तंभ को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement