Officers should deploy fire fighting vehicles near paddy selling markets: Dushyant Chautala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:22 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

धान बिक्री मंडियों के पास अग्निशमन वाहनों की तैनाती करें अधिकारी : दुष्यंत चौटाला

khaskhabar.com: सोमवार, 11 सितम्बर 2023 11:15 PM (IST)
धान बिक्री मंडियों के पास अग्निशमन वाहनों की तैनाती करें अधिकारी : दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार धान बिक्री की मंडियों के पास अग्निशमन वाहनों की तैनाती करें ताकि किसी कारणवश मंडी में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके। उन्होंने खरीफ़ मार्केटिंग सीज़न में खरीद की जाने वाली फसलों की खरीद के लिए मंडियों में उचित प्रबंध करने के भी निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने सोमवार को यहाँ विभागीय अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि वैसे तो भारत सरकार द्वारा आगामी एक अक्टूबर से धान और बाजरा की खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं फिर भी किसानों की डिमांड को देखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार को 20 सितंबर से बाजरा और 25 सितम्बर से धान की खरीद शुरू करने के लिए पत्र लिखा है। अगर अनुमति मिलती है तो यह खरीद प्रक्रिया एक अक्टूबर से पहले भी शुरू की जा सकती है। उन्होंने बताया कि धान की खरीद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड, हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन और भारतीय खाद्य निगम द्वारा की जाएगी। डिप्टी सीएम के अनुसार राज्य में मक्का की खरीद 20 सितम्बर से, मूंग एक अक्तूबर से, तिल, अरहर , उड़द की खरीद एक दिसंबर से शुरू की जाएगी। इस बार धान की खरीद करने का लक्ष्य 60 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि धान खरीद के लिए 215 खरीद केंद्र, बाजरा के लिए 92, मक्का के लिए 19, सूरजमुखी के लिए 13, मूंग के लिए 38, तिल के लिए 27, अरहर के लिए 22 तथा उड़द के लिए 10 खरीद केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि उक्त खरीफ फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी।
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव विजयेंद्र कुमार, हैफेड के प्रबंध निदेशक जे.गणेशन, हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक जयबीर आर्य, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक मुकुल कुमार, संयुक्त निदेशक अनीता खर्ब समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement