जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में रविवार सुबह एक नर्सिंग छात्र की संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस को छात्र का शव फ्लैट की दूसरी मंजिल पर एंगल में लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र अपने साथियों के साथ मौसा के फ्लैट पर शराब पार्टी करने आया था। मामले को संदिग्ध मानकर पुलिस उसके साथियों से पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी गुरु भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि कोटपूतली के जोरपुरा निवासी 20 वर्षीय अतुल यादव एंगल में लटका हुआ पाया गया। वहीं उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि अतुल शनिवार शाम को अपने मौसा सुरेन्द्र के घर गया था। जहां पार्टी करने के लिए खातीपुरा रोड स्थित जगदम्बा नगर में फ्लैट में चला गया। वहां उसने अपने दोस्तों के साथ शराब पी और वहीं सो गया। सुबह उसका शव फ्लैट में एंगल पर लटका मिला। पोस्टमार्टम में उसके सिर में चोट का निशान मिला है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हत्या करने की दिशा में मामले की जांच शुरू कर दी है।