जयपुर। देश में नोटबंदी के बाद उपजी परेशानियों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से राजस्थान की राजधानी जयपुर में 23 दिसम्बर को रैली निकाली जाएगी। इस रैली में आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केन्द्र सरकार के आठ लाख करोड़ रूपए के घोटाले को उजागर करेंगे तथा इस संबंध में साक्ष्य भी पेश करेंगे।
आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता नीतिन त्यागी ने प्रेस कल्ब में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया कि इस घोटाले के अलावा केन्द्र सरकार के भ्रष्टाचार के सबूत भी जनता को देगें। उन्होंने बताया कि जयपुर के रामलीला मैदान पर होने वाली रैली प्रदेश में पार्टी की पहली रैली होगी ,जो वर्ष 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आयोजित की जा रही हैं। इस दिन कई लोगों के पार्टी में शामिल होने की घोषण भी की जाएगी। त्यागी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी के 44 दिन बाद भी बैंकों से रूपये मिलने की स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है तथा जनता परेशान हो रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण देश में उद्योग धंधे,रोजगार, व्यापार एवं मजदूरी कार्य ठप हो गया है। केन्द्र सरकार ने अपने मित्र व्यापारियों के बैंक कर्ज माफ करने और उन्हें नए कर्ज दिलाने के लिए नोटबंदी की गई है और आम जनता को परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने वक्तव्य एवं नियम बार बार बदल रहे है जिससे वह देश में मजाक के पात्र बन गए है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केन्द सरकार सीबीआई का दबाव बनाकर विपक्षी पार्टियों को चुप कराया जाता है लेकिन आप पार्टी इस दबाव में आने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि इस रैली को दिल्ली के मंत्री मनीष सिसोदिया, कपिल मिश्रा एवं विधायक अल्का लाम्बा सहित कई नेता संबोधित करेंगे