Nos Yogi govt in UP will change th working of police?-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 27, 2026 10:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यूपी में अब योगी सरकार, बदलेगी थानों की काया?

khaskhabar.com: गुरुवार, 23 मार्च 2017 12:21 PM (IST)
यूपी में अब योगी सरकार, बदलेगी थानों की काया?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आदित्यनाथ योगी के मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभालने के साथ ही थानों में शिकायत पर बिना किसी भेदभाव कार्रवाई करने तथा दलालों की आवाजाही बंद करने का निर्देश दिया गया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षक, जोनल पुलिस महानिरीक्षक, परिक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षकों को निर्देश दिया कि प्रदेश के विभिन्न भागों में पेशेवर एवं संगठित रूप से अवैध खनन, अवैध लकड़ी कटान, अवैध पशु-तस्करी, शराब-तस्करी, अवैध बस संचालन एवं अन्य प्रकार के घोर आपत्तिजनक अपराधों पर अंकुश लगाया जाए। अहमद ने कहा है कि थानों पर आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ सही व्यवहार एवं उनकी शिकायतों पर त्वरित विधिक कार्यवाही कराई जाए। प्रत्येक थाना प्रभारी का यह उत्तरदायित्व होगा कि वह अपने थानों और अधीनस्थ चौकियों में यह सुनिश्चित करें कि हर शिकायतकर्ता के साथ बिना किसी भेदभाव के उचित व्यवहार करते हुए उसकी शिकायत पर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी दशा में लिंग, जाति, धर्म अथवा पहुंच इत्यादि के आधार पर भेदभाव अक्षम्य होगा। इसी प्रकार थानों पर दलालों का आना-जाना या उन्हें शरण देना किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगा और इसका सीधा उत्तरदायित्व थाना प्रभारी और सर्किल के क्षेत्राधिकारी का होगा।’’ उल्लेखनीय है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी रैलियों में कहा था कि प्रदेश के थाने सपा के कार्यालय बन गए हैं और पुलिसकर्मी कार्रवाई में भेदभाव करते हैं। अहमद ने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, बाजार, मॉल्स, पार्क एवं अन्य स्थान, जो सामान्य जन के प्रयोग हेतु हैं, को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराया जाए। विशेषकर इन सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित किया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement