जयपुर। स्टेच्यू सर्किल स्थित बिडला सभागार में चल रहे श्रीमद भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ में बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव नंदोत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो...यशोदा जायो ललना...नंद घर छाई खशियां अपार....जैसे भजनों के बीच फल व मेवे की जमकर उछाल की गई। कथा वाचक प्रो प्रेमा पांडुरंग ने कहा कि द्वापर में कंस के अत्याचार को समाप्त करने के लिए प्रभु धरती पर आए। उन्होंने गोकुल वासियों के जीवन को उत्सव बना दिया। विषम परिस्थितियों में भी जब व्यक्ति अचानक ही सुख की अनुभूति करने लगे तो वे क्षण उसके लिए परम आनंद के कारण होते है। जीवन में परम आनंद की अनुभूति भगवान के मिलने के कारण ही होती है। इससे पहले राम चरि़त्र प्रसंग पर बोलते हुए कहा कि राम का जीवन ही मनुष्य मात्र को मानवता का संदेश देता है , पारिवारिक विसंगतियों में राम ने मानवीय संवेदनाओं दिग्दर्षन अपने आदर्श चरित्र से आमजन को करवाया। उन्होंने बलि वामन चरित्र पर बोलते हुए कहा कि मांगना व्यक्ति को छोटा बनाता है , किंतु किसी के सुख के लिये मांगना उस व्यक्ति को महान बना देता हैं यही बलि - वामन कथा का रहस्य है।
प्रारंभ में आयोजक महेन्द्र कुमार जालान व राजेन्द्र कुमार जालान व उनके परिवारजनों ने श्रीमद् भागवत जी की पूजा की व कथा मर्मज्ञ व पूज्य भक्ति भारती प्रोफेसर प्रेमा पांडुरंग जी का स्वागत किया। आयोजक महेन्द्र कुमार जालान व राजेन्द्र कुमार जालान ने बताया कि गुरूवार को बालकृष्ण लीला,कालिया दमन श्रीगोविंद पट्टाभिषेक व रासलीला होगी।