Advertisement
जेपीसी की दूसरी बैठक में मुस्लिम संगठनों ने वक्फ संशोधन विधेयक का किया विरोध

एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आज बिल के विरोध में एक और लिखित नोट जेपीसी के अध्यक्ष जगदंबिका पाल को दिया। बताया जा रहा है कि बैठक में असदुद्दीन ओवैसी और अभिजीत गंगोपाध्याय के बीच भी तीखी बहस हुई। गंगोपाध्याय की व्यक्तिगत टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए औवेसी ने जोरदार विरोध किया।
बैठक में एक समय ऐसा भी आया, जब सरकार के रवैये का विरोध करते हुए विपक्षी दलों ने बैठक से ही वॉकआउट कर दिया। दरअसल, मुस्लिम संगठन की तरफ से पेश हुए एक वकील ने बिल को लेकर पहले जेपीसी में अपनी बात रख दी थी। लेकिन उन्होंने जब दूसरी बार फिर से बोलना शुरू किया तो उन्हें यह कहते हुए रोक दिया गया कि वह दोबारा नहीं बोल सकते। विपक्षी सांसद इसका विरोध करते हुए खड़े हो गए।
असदुद्दीन ओवैसी, ए. राजा, इमरान मसूद,एम. मोहम्मद अब्दुल्ला और अरविंद सांवत सहित कई अन्य विपक्षी सांसद वॉकआउट करते हुए बैठक से बाहर निकल गए, हालांकि थोड़ी देर बाद ही वे फिर से बैठक में वापस आ गए।
बैठक में एक वाक्या ऐसा भी हुआ, जिस पर विपक्षी सांसद मजाकिया अंदाज में चुटकी भी लेते नजर आए। दरअसल, एक अधिकारी जब इस बिल के फायदे गिना रहे थे तो उनकी जुबान से गलती से आगाखानी समुदाय की बजाय अफगानी शब्द निकल गया। वह कहना यह चाहते थे कि इस बिल से बोहरा और आगाखानी जैसे मुस्लिम समाज के अन्य पिछड़े वर्गों को फायदा होगा लेकिन उनकी जुबान से गलती से यह निकल गया कि इस बिल से अफगानियों को फायदा होगा, जिस पर चुटकी लेते हुए विपक्षी सांसदों ने मजाक के अंदाज में पूछा कि यह बिल भारत के लिए है या अखण्ड भारत के लिए।
मुस्लिम संगठन की तरफ से जेपीसी की बैठक में बुलाए गए ऑल इंडिया सुन्नी जमीयत-ए-उलेमा ने बिल का विरोध करते हुए कहा कि उन्हें वक्फ कानूनों में संशोधन मंजूर नहीं है। वक्फ मुसलमानों का मामला है और सरकार को इसमें दखल नहीं देना चाहिए।
वहीं, जेपीसी के सामने इंडियन मुस्लिम फॉर सिविल राइट्स संस्था ने भी बिल में संशोधन का विरोध किया। संस्था के अध्यक्ष पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब ने इस बिल को अवैध बताते हुए यह आरोप लगाया कि सरकार मुसलमानों के धार्मिक मामलों में दखलंदाजी कर रही है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


