Municipal corporation endorsed the encroachment team-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:10 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नगर निगम इनफोर्समैंट टीम ने अतिक्रमण करने वालों का किया सफाया

khaskhabar.com: मंगलवार, 16 मई 2017 4:03 PM (IST)
नगर निगम इनफोर्समैंट टीम ने अतिक्रमण करने वालों का किया सफाया
गुरूग्राम। गुरुग्राम की सडक़ों एवं फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम द्वारा पिछले काफी दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत जोन-2 तथा जोन-4 क्षेत्र में इनफोर्समैंट टीमों द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इनफोर्समैंट टीमों ने राजीव चौक, सोहना रोड़, बस स्टैंड, सदर बाजार, अग्रसेन चौक, महावीर चौक, हीरो होंडा चौक सहित आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण को हटाया तथा दुबारा से अतिक्रमण नहीं करने बारे चेतावनी दी। टीमों ने सडक़ों एवं फुटपाथों से रेहड़ी-पटरी, साईन बोर्ड, गन्ना जूस एवं नारियल विक्रेताओं सहित विभिन्न दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। सदर बाजार में कार्रवाई के दौरान बाजार के मुख्य रास्ते सहित अन्य गलियों से भी अतिक्रमण हटाया गया। उल्लेखनीय है कि शहर की सडक़ों, फुटपाथों तथा बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत चारों जोन में अलग-अलग चार टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। नगर निगम आयुक्त वी. उमाशंकर के अनुसार सडक़ों एवं फुटपाथों तथा बाजारों का अतिक्रमणमुक्त होना बहुत ही जरूरी है। इन स्थानों पर अतिक्रमण होने के कारण वाहन चालकों एवं आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण के कारण तंग हुई सडक़ों पर यातायात जाम की समस्या पैदा होती है तथा फुटपाथों पर अतिक्रमण की वजह से राहगिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
निगमायुक्त ने कहा कि स्थानीय सदर बाजार शहर का सबसे प्राचीन बाजार है तथा यहां पर अतिक्रमण के कारण बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सामान सजाने से बाजार का मुख्य रास्ता तंग हो जाता है, जिसके कारण इस रास्ते से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से केवल आमजन ही परेशान नहीं होता, बल्कि बाजार के दुकानदारों के लिए भी यह नुकसानदायक है।
अतिक्रमण से भरे बाजारों में जाने से ग्राहक भी परहेज करता है, जिससे दुकानदारों के व्यवसाय पर विपरीत असर पड़ता है। इसके अलावा, सुरक्षा की दृष्टि से भी बाजार में अतिक्रमण घातक सिद्ध हो सकता है। अगर बाजार में आगजनी जैसी अप्रिय घटना हो जाए तो अतिक्रमण के कारण राहत व बचाव दल को घटना स्थल तक पहुंचने में देरी हो सकती है, जिससे जानमाल का नुकसान होने की संभावना बनी रहती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement