MoU signed between Rajasthan Police and Education Department-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस -राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच एमओयू संपन्न

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 6:04 PM (IST)
राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस -राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच एमओयू संपन्न
जयपुर। राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार तथा शिक्षा विभाग की ओर से राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाते हुए उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस कार्य के लिए राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता भी जताई और अधिकारियों को इस कार्य में राजस्थान पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए।
राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील एवं भरोसेमंद वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
11,701 विद्यालयों के शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

एडीजी लता मनोज कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे। विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षित ये महिला शिक्षक संबंधित विद्यालयों की कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करेंगी। कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित होंगे, जिनमें प्रति बैच 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से आगामी 03 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
आत्मरक्षा के साथ हेल्पलाइन सेवाओं की भी मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बालिकाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों के साथ आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य एवं पोषण, जेंडर संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप और दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement