khaskhabar.com: गुरुवार, 11 अगस्त 2016 4:54 PM (IST)
इंदौर। मां और बाप के जिंदा होते हुए भी एक नौ महीने की मासूम अनाथ हो गई। एक कलयुगी मां ने अपनी ममता का खून कर नौ महीने की बच्ची को अनाथालय छोडने पहुंच गई। इस मासूम का कसूर सिर्फ इतना है कि वह लडकी बनकर पैदा हुई। बुधवार को चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के सामने बाणगंगा निवासी 26 वर्षीय महिला मासूम को छोडऩे पहुंची। मां ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी की और उसे अनाथालय में रखने की अनुमति मांगी। उसका कहना था कि वह बच्ची को नहीं पाल सकती। बच्ची किसी को गोद दे दी जाए। कमेटी के सदस्यों ने महिला को काफी समझाया, लेकिन वह अपनी मजबूरी का हवाला देते हुए नहीं मानी।
बच्ची को सौंपते समय वह भावुक भी हुई, लेकिन फैसले पर कायम रही। उसका बेटा भी साथ था। महिला का कहना था कि यह तो पल जाएगा, लेकिन बेटी को कहां-कहां लेकर भटकूंगी। समिति की अध्यक्ष साधना परांजपे, सदस्य शबाना पारेख ने बताया कि बच्ची की सरेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है।