Advertisement
मोदी मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल संभव

ख़ास ख़बर के सूत्रों के मुताबिक केन्द्रीय मंत्रिमंडल में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को भी शामिल करने की चर्चा चल रही है। अमित शाह हाल ही में गुजरात से राज्यसभा सांसद चुने गए हैं लेकिन बीजेपी का एक बहुत बड़ा धड़ा इस पक्ष में है कि अमित शाह बीजेपी अध्यक्ष ही बने रहे। अमित शाह पर अंतिम फ़ैसला पीएम मोदी और स्वयं शाह को लेना है।सियायी गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि बीजेपी में नई परिपाटी की भी शुरूआत हो सकती है यानि अमित शाह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों रह सकते है।
हाल ही में यूपी में हुए रेल हादसों के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु का विभाग बदला जाएगा। सूत्रों के मुताबिक केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को रेल, नागरिक उड्डयन, सड़क एवं परिवहन और शिपिंग को मिलाकर ट्रांसपोर्ट से संबंधित इन सभी मंत्रालय की ज़िम्मेदारी दी जा सकती है ।
बीजेपी उपाध्यक्ष व राजस्थान से राज्यसभा सांसद ओम माथुर भी केन्द्र में मंत्री बनाए जाएंगे।ओम माथुर के बारे में कहावत है कि जहां जहां माथुर को प्रभारी बनाया गया, उन राज्यों में बीजेपी सत्ता में आई। सबसे ताज़ा उदाहरण उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव है,जहां बीजेपी 312 सीटें अकेले अपने दम पर जीती और अब ओम माथुर के अनुभव का इस्तेमाल पीएम मोदी केन्द्र की सरकार में करने का मूड बना चुके है।ओम माथुर को पीएम मोदी का करीबी माना जाता है।
बीजेपी के रिसर्च एंड पब्लिक प़ॉलिसी के सूत्रधार एवं पार्टी उपाध्यक्ष विनय सहसत्रबुद्धे भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाएंगे। यूपी से जाट चेहरे के तौर पर संजीव बालियान का प्रमोशन भी संभव है। वहीं एक और जाट चेहरा दिल्ली से सांसद प्रवेश वर्मा को भी राज्य मंत्री के तौर पर सरकार में शामिल किया जा सकता है ।
केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ महेश शर्मा का मंत्रालय बदले जाने की पूरी संभावना है, सूत्रों के मुताबिक महेश शर्मा का प्रमोशन हो सकता है और महेश शर्मा को शहरी विकास मंत्रालय दिया जा सकता है। वहीं स्मृति ईरानी का भी कद बढ़ाया जा सकता है ।
यूपी से राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्रा की केन्द्रीय मंत्रिमंडल से विदाई संभव है। कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी चर्चा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को किसी मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दिया जा सकता है। टेलीकॉम मंत्री मनोज सिन्हा का भी विभाग बदल सकता है।वहीं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।सूत्रों के मुताबिक संघ चाहता है कि जेपी नड्डा को हिमाचल प्रदेश का सीएम कैंडिडेट घोषित किया जाए।
राजीव प्रताप रूड़ी, उपेन्द्र कुशवाहा और राधामोहन सिंह के भी हटाए जाने की चर्चा है ।
हरियाणा से राज्यसभा सांसद व केन्द्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेन्द्र सिंह का विभाग बदला जा सकता है ।
वहीं जेडीयू से 2 चेहरों को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा, इसके अलावा एआईएडीएमके कोटे से 2 मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। शिवसेना कोटे से भी एक सांसद को सरकार में शामिल किया जा सकता है ।
हालांकि अंतिम फ़ैसला पीएम मोदी का ही होगा,अब देखना ये होगा कि आखिर किसका भाग्य खुलता है और किसके भाग्य पर ग्रहण लगेगा ?
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


