MNREGA work is decreasing every year under Modi government, this year workers got employment only for 24 days: Vineet Poonia-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:22 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मोदी सरकार में हर साल घट रहा है मनरेगा का काम, इस साल मजदूरों को केवल 24 दिन मिला रोजगार : विनीत पूनिया

khaskhabar.com: मंगलवार, 07 नवम्बर 2023 7:09 PM (IST)
मोदी सरकार में हर साल घट रहा है मनरेगा का काम, इस साल मजदूरों को केवल 24 दिन मिला रोजगार : विनीत पूनिया
चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पूनिया ने मनरेगा योजना में मजदूरों का पिछले तीन महीने से भुगतान ना करने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। डॉ. पूनिया ने कहा कि प्रदेश में मजदूरों की करोड़ों रुपए की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। मोदी सरकार में मनरेगा मजदूरी का काम हर साल घट रहा है, इस साल बजट खत्म हो चुका है। मजदूरों को 100 दिन की बजाय केवल 24 दिन का रोजगार मिला है। यह भाजपा सरकार की मनरेगा योजना को बंद करने की तरफ एक और कदम है। उन्होंने सरकार से दिवाली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मनरेगा का बकाया भुगतान तुरंत जारी किए जाने की मांग की है। यहाँ जारी एक वक्तव्य में डॉ. विनीत पूनिया ने कहाकि ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार लगातार कांग्रेस द्वारा लाई गई मनरेगा योजना को बंद करने की साजिश रच रही है। हरियाणा प्रदेश के अनेक जिलों में मजदूरों को पिछले तीन महीने से मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। इससे मजदूरों को उनकी दिवाली काली होने का डर सता रहा है।
मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई आसमान छू रही है और गरीब-मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा मार झेल रहा है, ऐसे में मजदूरों को मजदूरी न मिलने से उनके लिए इस त्योहारी सीजन में पेट पालना भी मुश्किल हो रहा है। सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए डॉ. पूनिया ने कहा मोदी सरकार ने मनरेगा बजट में भी भारी कटौती की है।
मोदी सरकार ने इस वर्ष मनरेगा के बजट में 33 प्रतिशत बजट की कटौती की है, जिसके कारण सरकार खुद मान रही है की साल के सात महीने में ही बजट खत्म ख़त्म हो चुका है और हरियाणा में मनरेगा बजट में 181.22 करोड़ रुपए की कमी है।
अधिकृत आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने केवल 249 करोड़ रुपए जारी किए और हरियाणा में फंड्स की कुल उपलब्धता 193.21 करोड़ रुपए है, जबकि 374.42 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं, जिसमें से 267 करोड़ रुपए तो केवल मजदूरी है, जो आंकड़ें भुगतान की खस्ता हालत का इशारा करते हैं। उन्होंने पूछा कि अगर अभी यह हाल है तो अगले पांच महीने में काम कैसे चलेगा।
डॉ. पूनिया ने कहाकि मोदी सरकार ना तो मजदूरों को 100 दिन का रोजगार दे रही है और ना ही उन्हें कांग्रेस शासित प्रदेशों में मिलने वाली आधारभूत सुविधाएं दे रही है। इस साल का बजट खत्म हो चुका है, किन्तु खट्टर-मोदी सरकार ने हरियाणा में इस साल केवल 24 दिन प्रति परिवार को रोजगार दिया है, केवल 764 परिवारों को पूरा सौ दिन का रोजगार दिया है, जो मोदी सरकार में हर साल घट रहा है। पिछले साल 2021-22 में हरियाणा के मजदूरों को केवल 31 दिन प्रति परिवार का रोजगार दिया था। केवल 3,447 परिवारों को पूरा सौ दिन का रोजगार दिया गया था।
वर्ष 2020-21 और 2019-20 में हरियाणा के मजदूरों को क्रमश 36 और 39 दिन प्रति परिवार का रोजगार दिया था, 11041 और 14077 परिवारों को पूरा सौ दिन का रोजगार दिया गया था। डॉ. पूनिया ने कहाकि मनरेगा योजना की गांव के विकास और देश के निर्माण में अहम भूमिका है।
वर्ष 2005 में केंद्र की कांग्रेस सरकार मनरेगा योजना लाई थी। यह दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। यह प्रमुख कार्यक्रम करीब 14 करोड़ से ज्यादा मजदूरों को सहयोग करता है। इन मजदूरों में आधे से अधिक महिलाएं हैं।
कोरोना महामारी के समय लॉकडाउन के दौरान मनरेगा एक जीवन रक्षक साबित हुआ। कोरोना के दौरान मनरेगा के जरिए मजदूरों की आय में 80 प्रतिशत नुकसान की भरपाई हुई थी। अब मजदूरों का भुगतान लटकाना अस्वीकार्य है। सरकार इस त्योहारी सीजन में मजदूरों को उनका भुगतान बिना विलंब किए जारी करे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement