नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी जिला के मॉडल टाउन इलाके में बदमाशों ने एक
बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मामला लूटपाट का है। पुलिस
ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है
और उसके बेटे को मामले की सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय कुसुम न्यू गुप्ता कॉलोनी इलाके में रहती थी।
कुसुम के पति की मौत हो चुकी है और साथ में इकलौता बेटा पीयूष रहता है।
बेटा एक हफ्ते से चेन्नई गया हुआ है। कुसुम की सरकारी राशन की दुकान है
जिससे घर का खर्चा चलता है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम को करीब छह बजे सूचना मिली कि कुसुम अपने घर
में अचेत अवस्था में पडी हैं। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया जहां
डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।