Advertisement
अमेरिका में खसरे का कहर: दो की मौत, इस साल 5,838 मामले आए सामने

वहीं, पेंसिल्वेनिया के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को सेंटर काउंटी के एक ऐसे निवासी की मौत की पुष्टि की, जो खसरे से संक्रमित पाया गया था और जिसका टीकाकरण नहीं हुआ था। विभाग ने मृतक की उम्र या पहचान से जुड़ी अन्य जानकारी नहीं दी।
पेंसिल्वेनिया में इस साल अब तक 46 काउंटियों में खसरे के 1,638 मामले दर्ज किए गए हैं। 18 नवंबर के बाद से 49 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में संक्रमण के कारण 330 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस साल खसरे से हुई नौ मौतें छह अलग-अलग काउंटियों में दर्ज की गई हैं। सेंटर काउंटी में यह पहली मौत है।
पेंसिल्वेनिया में अप्रैल के अंत में संक्रमण फैलना शुरू होने के बाद से स्वास्थ्यकर्मियों ने 287 अस्थायी टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से खसरा, मम्प्स और रूबेला (एमएमआर) के 7,400 से अधिक टीके लगाए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि संक्रमण पर काबू पाने के लिए और टीकाकरण केंद्र खोले जाएंगे।
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार, 19 नवंबर तक देश में खसरे के 5,838 पुष्ट मामले दर्ज किए जा चुके थे। यह संख्या 2025 में पूरे साल दर्ज किए गए 2,289 मामलों से कहीं अधिक है। इस साल सामने आए कुल मामलों में करीब 96 प्रतिशत संक्रमण के प्रकोप से जुड़े हैं।
हालांकि, सीडीसी के राष्ट्रीय आंकड़ों की गणना की अंतिम तारीख राज्यों की हालिया रिपोर्ट से पहले की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित राज्यों के स्वास्थ्य विभाग अपने यहां संक्रमण की सबसे ताजा स्थिति की जानकारी देते हैं।
विस्कॉन्सिन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बुखार और शरीर पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर सीधे अस्पताल या क्लीनिक जाने के बजाय पहले अपने स्वास्थ्य सेवा प्रदाता को फोन करें, ताकि दूसरे लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरती जा सकें। राज्य में अगस्त से अब तक एमएमआर टीके की 55 हजार से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
खसरा एक बेहद संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से हवा के जरिए फैलती है। सीडीसी के अनुसार, संक्रमित व्यक्ति के किसी कमरे से चले जाने के दो घंटे बाद तक भी वहां मौजूद हवा से संक्रमण फैलने का खतरा बना रह सकता है।
इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, नाक बहना, आंखें लाल होना या उनमें पानी आना और शरीर पर चकत्ते पड़ना शामिल हैं। गंभीर मामलों में निमोनिया और मस्तिष्क में सूजन जैसी जटिलताएं हो सकती हैं। पांच साल से कम उम्र के बच्चे इस बीमारी के अधिक जोखिम वाले समूहों में शामिल हैं।
सीडीसी के मुताबिक, एमएमआर टीके की दो खुराक खसरे से बचाव में लगभग 97 प्रतिशत प्रभावी होती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए टीकाकरण को सबसे प्रभावी बचाव बताया है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


