Mayor made extensive visit to the city, instructed the workers to take dirt-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महापौर निकले शहर के दौरे पर, गंदगी रखने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए

khaskhabar.com: बुधवार, 10 जनवरी 2018 5:21 PM (IST)
महापौर निकले शहर के दौरे पर, गंदगी रखने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए
जयपुर। महापौर डॉ. अशोक लाहोटी, उप महापौर मनोज भारद्वाज और आयुक्त रवि जैन ने बुधवार को अलसुबह जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने रिद्धि सिद्धि चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दीवारों पर चिपके पोस्टर हटाने और पोस्टर लगाने वालों के विरूद्ध एफआईआर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक को गोपालपुरा पुलिया के नीचे चाय बेचने वाले द्वारा चाय के कप सड़क पर बिखरने और सफाई न रखने पर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर किसी भी सूरत में गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। डॉ. लाहोटी ने अधिकारियों को टोंक रोड पर खाली पड़े भूखंड में गंदगी पाए जाने पर नगर निगम जयपुर की संपत्ति का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गापुरा बस स्टैंड पर चाय वालों की दुकान के बाहर खाली कप पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और तुरंत जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने फुटपाथ से दुकानें हटाने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे जयपुर शहर में सारे फुटपाथों को साफ किया जाए। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर, गेट, जाली, रैलिंग आदि में फंसे कचरे को भी तुरंत साफ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जोन में सार्वजनिक शौचालयों पर बड़े व स्पष्ट शब्दों में जनसुविधाएं लिखवाने के निर्देश भी दिए। डॉ. लाहोटी ने एयरपोर्ट टर्मिनल 1 चौराहे पर साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने टोंक रोड पर लग रहे अवैध होर्डिंग्स को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए। महापौर ने टोंक रोड पर चाय वाले की दुकान के बाहर गंदगी पाए जाने पर चाय वाले से झाड़ू लगवाई और चाय के कप डस्टबिन में डलवाए और भविष्य में दुकान के आस-पास गंदगी न करने की हिदायत दी। उन्होंने सांगानेर पुलिया के पास अवैध अतिक्रमण हटाया और चोरड़िया पेट्रोल पंप तिराहे पर स्थित नैना भोजनालय के बाहर गंदगी पाए जाने पर कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए।
डॉ. लोहाटी ने अधिकारियों को दुकान के बाहर गंदगी करने पर सील करने के निर्देश दिए। महापौर के निर्देशों की पालना में सांगानेर जोन में टोंक रोड स्थित अग्रवाल पूड़ी वाला और फिरोज मीट वाला की दुकान सीज की गई। यह कार्यवाही गंदगी फैलाने पर की गई। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर रामनिवास बाग के पीछे सफाई के निर्देश दिए। महापौर के निर्देशों की पालना में उपायुक्त मोतीडूंगरी जोन ने जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर रामनिवास बाग के पीछे अवैध रूप से बस पार्किंग लगाकर शहर की सुंदरता को गंदा करने पर वाहन संख्या आर जे 32 पी ए 2469 को सीज कर दिया।
इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त डॉ. हरसहाय मीणा, उपायुक्त मानसरोवर जोन सरोज ढाका, उपायुक्त सांगानेर जोन रवींद्र शर्मा, उपायुक्त विद्याधर नगर जोन कविता चौधरी, उपायुक्त स्वास्थ्य प्रथम नवीन भारद्वाज, उपायुक्त स्वास्थ्य द्वितीय करणी सिंह, विशेषाधिकारी महापौर जनार्दन शर्मा, उपायुक्त उद्यान बद्रीप्रसाद शर्मा, उपायुक्त गैराज श्री अतुल शर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत अशोक कुमार गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री जलज घसिया सहित नगर निगम जयपुर के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement