mamta attacks PM modi saying-most corrupt now talk of ending corruption-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:03 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भ्रष्ट अब बात कर रहे भ्रष्टाचार के खात्मे की:ममता

khaskhabar.com: रविवार, 11 दिसम्बर 2016 8:38 PM (IST)
भ्रष्ट अब बात कर रहे भ्रष्टाचार के खात्मे की:ममता
कोलकाता। नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना प्रधानमंत्री मोदी और उनके करीबी दोस्तों की मदद के लिए लाई गई। ममता ने तंज कसा कि सबसे ज्यादा भ्रष्ट लोग भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कर रहे हैं। नोटबंदी की धुर-विरोधी ममता ने रविवार को अंग्रेजी और हिंदी में एक के बाद एक कई ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इससे अर्थव्यवस्था पूरी तरह तबाह हो जाएगी। उन्होंने ट्वीट किया,सरकार का अभिमानी और विनाशकारी रवैया दुनिया के सबसे बडे जनतंत्र को नष्ट कर रहा है। ममता ने एक और ट्वीट में लिखा,नोटबंदी केवल मोदी बाबू और उनके करीबी दोस्तों की मदद करने के लिए किया गया है। नोटबंदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। इससे पहले शुक्रवार को भी ममता बनर्जी ने ट्वीट के जरिए प्रधानमंत्री पर हमला बोला था। उन्होंने ट्वीट किया था,मोदी बाबू जानते हैं कि नोटबंदी अब बेपटरी हो गई है। सिवाय भाषण देने के उनके पास कोई हल नहीं है। गौरतलब है कि नोटबंदी को लेकर संसद का करीब पूरा शीतकालीन सत्र हंगामों की भेंट चढ चुका है। दिलचस्प यह है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही एक दूसरे पर नोटबंदी के मुद्दे पर बहस से भागने का आरोप लगा रहे हैं।
ममता बनर्जी नोटबंदी का सबसे मुखर विरोध करने वालों में हैं। उन्होंने इसके खिलाफ दिल्ली में विपक्ष के सांसदों के साथ न सिर्फ मार्च किया था बल्कि अरविंद केजरीवाल के साथ मिलकर दिल्ली में एक विरोध रैली भी की थी। अपने राज्य पश्चिम बंगाल में वह खुद स़डक पर उतरकर नोटबंदी का विरोध किया है। उन्होंने बिहार में भी नोटबंदी के खिलाफ रैली की थी।
प्रधानमंत्री मोदी नोटबंदी को कालेधन के खिलाफ बडी कार्रवाई बताकर कई बार यह जताने की कोशिश कर चुके हैं कि इसका विरोध करने वाले कालेधन पर कार्रवाई से तिलमिलाए हुए हैं। विपक्ष भी सरकार के इस रूख पर तीखा वार कर रहा है। ममता बनर्जी पहले ही कह चुकी हैं कि नोटबंदी विरोधियों को काले धन का हिमायती ठहराने की कोशिश की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को यूपी के बहराइच में फोन पर संबोधित की गई एक रैली में भी नोटबंदी को लेकर विपक्ष के रूख की आलोचना की। पीएम ने कहा कि जिन पार्टियों को जनता ने नकार दिया था, वहीं पार्टियां संसद को नहीं चलने दे रही हैं। इससे पहले शनिवार को गुजरात के डीसा में एक रैली में प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें संसद में नहीं बोलने दिया जा रहा, इसलिए वह जनसभा में बोल रहे हैं।
-> डिजिटल पेमेंट अपनाओ,ईनाम पाओ: सरकार लाएगी इन्सेन्टिव स्कीम

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement