Major Breakthrough for CID-CB: Inter-State Tractor Smuggler—Absconding for 12 Years-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीआईडी सीबी की बड़ी कामयाबी : 12 साल से फरार 50 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर तस्कर गिरफ्तार

khaskhabar.com: बुधवार, 22 अप्रैल 2026 6:48 PM (IST)
सीआईडी सीबी की बड़ी कामयाबी : 12 साल से फरार 50 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर तस्कर गिरफ्तार
जयपुर/मथुरा। राजस्थान पुलिस की अपराध शाखा (CID-CB) ने संगठित अपराध के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी आबिद मेवाती को उत्तर प्रदेश के मथुरा से दस्तयाब किया है। आबिद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में वांटेड था। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार और अतिरिक्त महानिदेशक (अपराध) विपिन कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया था। उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल बृजेश शर्मा को सूचना मिली कि आरोपी मथुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। सूचना को विकसित कर टीम ने मथुरा के विवाह स्थल 'कुसुम वाटिका' की घेराबंदी की। जैसे ही आबिद अपने साथियों के साथ वहां पहुँचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस दौरान उग्र भीड़ ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित 'थाना हाईवे' पहुँचाया और बाद में बूंदी पुलिस (केशवरायपाटन) के सुपुर्द किया।
आरोपी आबिद मेवाती एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडीकेट का सरगना है। इसकी कार्यप्रणाली बेहद शातिराना थी:
लोन और फर्जीवाड़ा: गिरोह के सदस्य पहले लोन पर ट्रैक्टर खरीदते थे।
अवैध बाजार: इसके बाद फर्जी बेचाननामा तैयार कर वाहनों को ट्रकों में लादकर मथुरा के 'छाता' गाँव भेजा जाता था, जहाँ इन वाहनों का अवैध बाजार लगता है।
बीमा धोखाधड़ी: असली वाहन मालिक ट्रैक्टर बेचकर पुलिस थाने में चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा देता था और इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम उठा लेता था।
मुनाफा: आरोपी अब तक 1500 से 2000 ट्रैक्टरों का अवैध बेचान कर चुका है और हर वाहन पर करीब 2 लाख रुपये का मुनाफा कमाता था।
आबिद खान के विरुद्ध राजस्थान (कोटा, बूंदी, टोंक, राजसमंद, भीलवाड़ा), उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह साल 2012 से लगातार इस अवैध व्यापार में लिप्त था।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक शैलेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, करणी सिंह, रविंद्र सिंह, कृष्ण गोपाल, अरुण कुमार, कुलदीप और कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष भूमिका रही। तकनीकी सहयोग एएसआई शंकर दयाल शर्मा और उनकी टीम ने प्रदान किया। इस ऑपरेशन में बूंदी पुलिस की टीम (एसएचओ अरविंद भारद्वाज एवं भूपेंद्र सिंह) ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement