Major Advisory from Cyber ​​Police: A Minor Oversight Can Lead to WhatsApp Data Being Hacked; Change These 6 Essential Settings Immediately to Stay Safe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

साइबर पुलिस की बड़ी एडवाइजरी: एक छोटी चूक से हैक हो सकता है WhatsApp डेटा सुरक्षित रखने के लिए तुरंत बदलें ये 6 जरूरी सेटिंग्स

khaskhabar.com: शुक्रवार, 22 मई 2026 6:43 PM (IST)
साइबर पुलिस की बड़ी एडवाइजरी: एक छोटी चूक से हैक हो सकता है WhatsApp डेटा सुरक्षित रखने के लिए तुरंत बदलें ये 6 जरूरी सेटिंग्स
जयपुर। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा द्वारा प्रदेश में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में साइबर शाखा ने वर्तमान डिजिटल युग की अनिवार्य जरूरत बन चुके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप की सुरक्षा को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम श्री वीके सिंह ने बताया कि एक छोटी सी लापरवाही या अज्ञानता के कारण नागरिकों की पर्सनल चैट, निजी फोटो, वीडियो, बैंकिंग डेटा और अन्य संवेदनशील जानकारियां चोरी हो सकती हैं। हैकर्स और साइबर ठगों के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए सभी व्यक्तियों को अपने व्हाट्सएप अकाउंट में कुछ जरूरी प्राइवेसी सेटिंग्स को तुरंत इनेबल करना चाहिए। टू-स्टेप वेरिफिकेशन सबसे मजबूत सुरक्षा कवच
साइबर विशेषज्ञों ने व्हाट्सएप को हैकर्स से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए सबसे मजबूत सुरक्षा कवच टू-स्टेप वेरिफिकेशन (Two-Step Verification) को तुरंत चालू करने की सलाह दी है। इसके लिए यूजर्स को व्हाट्सएप की Settings > Account में जाकर एक गोपनीय पिन (PIN) सेट करना होगा। इस फीचर को ऑन करने के बाद यदि कोई अपराधी आपके सिम कार्ड का क्लोन भी बना लेता है, तो भी वह बिना पिन के आपका व्हाट्सएप अकाउंट नहीं खोल पाएगा।
प्राइवेसी सेटिंग्स को रखें सुरक्षित
इसके साथ ही, अपनी निजी जानकारियों को सुरक्षित रखने के लिए Privacy Settings में जाकर प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन, स्टेटस और ग्रुप्स के विकल्प को हमेशा My Contacts पर ही सीमित रखें, ताकि कोई अनजान व्यक्ति आपकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल न कर सके और न ही आपको किसी फ्रॉड ग्रुप में जोड़ सके।
Media Auto-Download तुरंत करें बंद
ठग अक्सर व्हाट्सएप पर वायरस या मालवेयर से संक्रमित एपीके (APK) या पीडीएफ (PDF) फाइलें भेजते हैं, जो मीडिया ऑटो-डाउनलोड ऑन होने पर यूजर की मर्जी के बिना फोन में सेव हो जाती हैं और बैकग्राउंड में रन करके बैंकिंग डेटा चुरा लेती हैं। इससे बचने के लिए व्हाट्सएप की Storage and Data सेटिंग में जाकर ऑटो-डाउनलोड को पूरी तरह ऑफ रखें।
अनजान कॉल्स और लोकेशन ट्रैकिंग से भी रहें सतर्क
इसके अलावा अनजान नंबरों से आने वाली स्पैम और इंटरनेशनल स्कैम कॉल्स से बचने के लिए प्राइवेसी सेटिंग में मौजूद Silence Unknown Callers फीचर को ऑन करें तथा अपनी इंटरनेट लोकेशन (IP Address) को छुपाने के लिए एडवांस प्राइवेसी में जाकर Protect IP Address in Calls विकल्प को सक्रिय करें, जिससे कॉल व्हाट्सएप सर्वर के माध्यम से रूट होगी और आपकी असली लोकेशन सुरक्षित रहेगी।
WhatsApp Web जरूर चेक करें
साइबर शाखा ने यह भी सचेत किया है कि नागरिक समय-समय पर अपने व्हाट्सएप के Linked Devices विकल्प की जांच जरूर करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट किसी अन्य कंप्यूटर या अज्ञात डिवाइस पर चोरी-छिपे तो नहीं चल रहा है। यदि वहां कोई संदिग्ध डिवाइस दिखाई देता है, तो उसे तुरंत Log out कर दें।
साइबर शाखा ने जनता से अपील की है कि यदि उनके साथ कोई साइबर धोखाधड़ी की घटना घटित होती है तो इसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन को दें। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर हेल्पडेस्क नंबरों 9256001930/9257510100 पर तत्काल दर्ज करवा सकते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement