Kumawat Community New Year Gathering and General Meeting Concludes with Great Enthusiasm-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कुमावत समाज का नववर्ष स्नेहमिलन एवं साधारण सभा हर्षोल्लास के साथ संपन्न

khaskhabar.com: सोमवार, 12 जनवरी 2026 6:55 PM (IST)
कुमावत समाज का नववर्ष स्नेहमिलन एवं साधारण सभा हर्षोल्लास के साथ संपन्न
उदयपुर। कुमावत वरिष्ठ नागरिक ट्रस्ट (रजि.), उदयपुर की साधारण सभा बैठक एवं नववर्ष स्नेहमिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन सोमवार, 12 जनवरी 2026 को शिवगढ़ पैलेस एवं रिसोर्ट, ईसवाल रोड, बड़वासन माता जी के पास, उदयपुर में हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री दुष्यंत जी लारना द्वारा प्रस्तुत श्रीराम स्तुति एवं मंगलाचरण से हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा। कार्यक्रम में उदयपुर के साथ-साथ चित्तौड़गढ़ एवं नाथद्वारा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री हेमंत पड़ियार एवं श्रीमती शारदा द्वारा किया गया। जन्मदिवस व वर्षगांठ पर सम्मान
सभा में नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच जन्मदिवस एवं वैवाहिक वर्षगांठ मनाने वाले सदस्यों का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। शिवगढ़ पैलेस एवं रिसोर्ट को निःशुल्क उपलब्ध कराने पर ट्रस्ट अध्यक्ष हरिशंकर खंडारिया द्वारा श्री शिवकुमार जी गोठवाल का विशेष सम्मान किया गया।
प्रस्तावों को ध्वनिमत से अनुमोदन
कार्यकारिणी की पूर्व बैठक में प्रस्तावित बिंदुओं को साधारण सभा में उपस्थित सदस्यों द्वारा ध्वनिमत से अनुमोदित किया गया। ट्रस्ट के भूमि आवंटन से संबंधित समस्त प्रक्रिया के लिए अध्यक्ष हरिशंकर खंडारिया को अधिकृत किया गया।
समाज के इतिहास पर शोध प्रस्तुति
इस अवसर पर श्री मदनमोहन टांक ने कुमावत समाज की उत्पत्ति पर किए गए शोध का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। समाज के इतिहास के संकलन हेतु सदस्यों से सर्वे फॉर्म भी भरवाए गए।
वृद्धाश्रम हेतु सहयोग का आह्वान
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हरिशंकर खंडारिया ने समाज के वृद्धजनों के लिए वृद्धाश्रम की भूमि क्रय के उद्देश्य से प्रत्येक सदस्य से प्रतिमाह ₹100 ट्रस्ट में जमा कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से सागर भरता है और सामूहिक प्रयास से यह लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
विशेष योगदान पर सम्मान
भूमिकोष में विशेष सहयोग के लिए श्रीमती रुक्मणी देवी बबेरीवाल एवं श्री गिरधारी लाल जी सिंघनवाल को उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ एवं आर्थिक सहयोग देने वाले समाजबंधुओं का भी विशेष सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई शोभा
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, होऊजी खेल एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाजजनों ने घसियार श्रीनाथजी एवं बड़वासन माताजी के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ भी प्राप्त किया। मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
अंत में ट्रस्ट मंत्री शंकर लाल भदाणिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी समाजबंधुओं ने सामूहिक भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
समारोह आपसी प्रेम, स्नेह, सौहार्द एवं सामाजिक एकता का संदेश देता हुआ समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement