केजरीवाल सरकार डेंगू चिकनगुनिया से लड़ने में नाकाम
khaskhabar.com: शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016 11:56 AM (IST)
नई दिल्ली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में डेंगू और चिकनगुनिया को फैलने से रोकने में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा रणनीति बनाने में असफल होने के खिलाफ अनेक स्थानों पर प्रदर्शन किये। कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर निकम्मी केजरीवाल सरकार के पुतले भी जलाये। प्रदेश महामंत्री आशीष सूद और जिलाध्यक्ष राजकुमार ग्रोवर के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी दिल्ली के राजा गार्डन चौक पर एक विशाल प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आशीष सूद ने कहा कि यह शर्म की बात है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी यह राग आलापती रही है कि केन्द्र सरकार हमारे कार्य में बाधा डालती है किन्तु यह सरकार उन मामलों में भी जिम्मेदारी से भागती है जिनमें केन्द्र सरकार की कोई भूमिका नहीं है।