Karnataka: Internal rift within Congress deepens over elephant relocation issue-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कर्नाटक : हाथियों को दूसरी जगह भेजने के मुद्दे पर कांग्रेस में मतभेद गहराए

khaskhabar.com: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 10:54 PM (IST)
कर्नाटक : हाथियों को दूसरी जगह भेजने के मुद्दे पर कांग्रेस में मतभेद गहराए
बेंगलुरु। कर्नाटक के हासन जिले से हाथियों को भद्रा वन्यजीव अभयारण्य में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर मतभेद पैदा हो गए हैं। इस क्षेत्र के विधायकों ने इस कदम पर चिंता जताई है और मानव-हाथी संघर्ष से निपटने के वन विभाग के तरीके पर सवाल उठाए हैं। वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने बुधवार को इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि यह निर्णय विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब इस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटिल लेंगे। हसन जिले से जंगली हाथियों को चिकमगलूर के भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। इस क्षेत्र के तीन कांग्रेस विधायकों ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटिल से मुलाकात की और विरोध स्वरूप इस्तीफा देने की संभावना पर चर्चा की।
इस घटनाक्रम ने कांग्रेस सरकार को एक मुश्किल स्थिति में डाल दिया है, क्योंकि स्थानीय निवासी और राजनीतिक नेता लगातार इस कदम का विरोध कर रहे हैं।
बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए रेड्डी ने कहा कि हाथी हसन, चिकमगलूर और शिवमोग्गा जिलों के बीच आते-जाते रहते हैं, क्योंकि इन क्षेत्रों के जंगल आपस में जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि बेलूर तालुक में, जहां 2019 तक हाथियों की मौजूदगी नहीं थी, अब उनकी संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।
उन्होंने कहा, "2013 से पहले बेलूर तालुक में कोई हाथी नहीं था। 2013 में 17 हाथियों को जंगल में स्थानांतरित किया गया था। 2019 के बाद सात हाथी वहां आए और अब वहां लगभग 55 हाथी हैं।"
रेड्डी ने बताया कि बेलूर तालुक में लगभग 13,000 एकड़ वन भूमि है, जो नौ अलग-अलग हिस्सों में बंटी हुई है, जिसके कारण हाथियों को एक इलाके से दूसरे इलाके में जाना पड़ता है।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व वन मंत्री ने हसन और बेलूर का दौरा किया था और किसानों, स्थानीय नेताओं तथा कॉफी बागान मालिकों के साथ चर्चा की थी। इन लोगों ने भी सरकार से हाथियों को भद्रा के जंगल में स्थानांतरित करने का आग्रह किया था।
हाथियों के हमलों से हुई मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बेलूर में दो लोगों की जान चली गई थी। तनाव इतना बढ़ गया था कि शुरुआत में लोगों ने पीड़ितों के शवों को भी वहां से ले जाने नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि हाथियों को स्थानांतरित करने का फैसला उनसे विचार-विमर्श के बाद लिया गया था। हालांकि, कुछ विधायक अब अपने निर्वाचन क्षेत्रों, विशेष रूप से मुदिगेरे पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि स्थानांतरण के दौरान हाथियों को कई इलाकों से होकर गुजरना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, "हाथी किसी एक इलाके तक सीमित नहीं रहते। वे हासन, चिकमगलूर और शिवमोग्गा जिलों के बीच आते-जाते रहते हैं। भद्रा तक पहुंचने के लिए उन्हें हलेबिडु, मुदिगेरे और श्रृंगेरी से होकर गुजरना होगा। इससे उन इलाकों में नई समस्याएं पैदा हो सकती हैं।"
रेड्डी ने बताया कि यह मामला अब मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के सामने है, जो इस पर चर्चा करने के लिए एक बैठक बुलाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं अपनी राय रखूंगा और फैसला वे लेंगे। हाथियों का घर कहां है? जंगल ही उनका घर है।"
कांग्रेस विधायकों, जिनमें एच.डी. थम्मैया भी शामिल हैं, की आलोचना का जवाब देते हु, जिन्होंने वन संबंधी मामलों की उनकी समझ पर सवाल उठाया था पर रेड्डी ने कहा कि उन्हें मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने का व्यक्तिगत अनुभव है।
उन्होंने कहा, "मैं अनेकल से आता हूं, जहां बन्नेरघट्टा वन क्षेत्र स्थित है। वहां हमारा एक खेत भी है और अक्सर हाथी उस इलाके में आ जाते हैं। अगर कोई व्यक्ति, जो वन क्षेत्र में ही पैदा हुआ और पला-बढ़ा हो, वन मंत्री बनता है, तो मुझे इसमें कोई आपत्ति नहीं है। मुझे वन विभाग के पद से कोई खास मोह नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा कि वन मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित किया था कि लोगों को वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं के कारण कोई परेशानी न हो।
राज्य में वन्यजीवों की बढ़ती आबादी का जिक्र करते हुए रेड्डी ने बताया कि 1978 में कर्नाटक में हाथियों की संख्या केवल 1,950 थी, जो अब बढ़कर लगभग 6,500 हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 653 बाघ भी हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि तेंदुए और भालुओं के हमलों की भी खबरें आ रही हैं, हालांकि हाथियों के हमलों में जान जाने के मामले सबसे ज्यादा हैं।
मानव-वन्यजीव संघर्ष को सुलझाने की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता मौतों और नुकसान को कम करने की होनी चाहिए न कि इस मुद्दे को राजनीतिक टकराव में बदलने देने की।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर विधायकों टी.डी. राजेगौड़ा और नयना मोटाम्मा से बात की है। प्रभावित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के बीच हाथियों को दूसरी जगह भेजने की प्रस्तावित योजना को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। हाथी को हासन के बेलूर इलाके से भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट की ओर ले जाने के लिए 21 नवंबर को 'ऑपरेशन गजा' शुरू किया गया था। स्थानीय लोगों और राजनीतिक नेताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। कांग्रेस विधायकों ने तो यहां तक चेतावनी दे दी कि अगर यह ऑपरेशन जारी रहा, तो वे इस्तीफा दे देंगे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement