बांदीपोरा मुठभेड़ में लश्कर कमांडर अबू मासिब ढेर, सुरक्षा बलों पर पथराव
khaskhabar.com: गुरुवार, 19 जनवरी 2017 12:48 PM (IST)
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में गुरुवार को पुलिस और सुरक्षा
बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष कमांडर मारा गया है।
इस मुठभेड़ में कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का एक जवान
घायल हो गया। मुठभेड़ वाली जगह पर कुछ लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव भी
किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बांदीपोरा के हाजी गांव के खोसा
मोहल्ला में आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद 13
राष्ट्रीय रायफल्स और राज्य पुलिस के एसओजी के जवानों ने मिलकर घेराबंदी की
और तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों के करीब पहुंचने पर छिपे हुए
आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी,
जिसके बाद काफी देर
तक मुठभेड़ चली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘आतंकी लगातार गोलीबारी करते
रहे, लेकिन आखिरकार एक आतंकी को मार गिराया गया।’ मारे गए आतंकी की पहचान
लश्कर के उत्तर कश्मीर के टॉप कमांडर अबू मासिब के रूप में हुई है।