ISF released the first list of observers, Siddiqui said - the party will emerge as a decisive force in 2026-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आईएसएफ ने जारी की पर्यवेक्षकों की पहली सूची, सिद्दीकी बोले - 2026 में निर्णायक शक्ति बनकर उभरेगी पार्टी

khaskhabar.com: रविवार, 27 जुलाई 2025 2:38 PM (IST)
आईएसएफ ने जारी की पर्यवेक्षकों की पहली सूची, सिद्दीकी बोले - 2026 में निर्णायक शक्ति बनकर उभरेगी पार्टी
कोलकाता | 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने शनिवार को बड़ा कदम उठाते हुए पहले चरण के पर्यवेक्षकों की सूची जारी कर दी। कोलकाता स्थित फुरफुरा शरीफ के केंद्रीय कार्यालय से यह सूची खुद पार्टी अध्यक्ष पीरजादा मोहम्मद नौशाद सिद्दीकी ने जारी की। बैठक में सिद्दीकी ने दो टूक कहा—आईएसएफ की लड़ाई केवल बीजेपी से नहीं, बल्कि टीएमसी से भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और लोगों का भरोसा तेजी से टूट रहा है। उन्होंने कहा, "हम स्पष्ट रूप से मानते हैं कि भाजपा इस वक्त सबसे बड़ी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी है, लेकिन हम दोनों से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।"
जनता में बढ़ रहा है आईएसएफ का प्रभाव
आईएसएफ प्रमुख ने दावा किया कि राज्य के कई जिलों से लोग लगातार पार्टी से संपर्क कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए 81 विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इन पर्यवेक्षकों को संगठन के पुनर्गठन, स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क और पार्टी विस्तार का जिम्मा सौंपा गया है।
“आईएसएफ बनेगी निर्णायक शक्ति”
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सिद्दीकी ने विश्वास जताया कि "आईएसएफ आने वाले दिनों में मुख्य निर्णायक शक्ति के रूप में उभरेगी। जनता राज्य की अराजकता और कुशासन से मुक्ति चाहती है। हम यही विकल्प बनकर सामने आएंगे।"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे चरण के पर्यवेक्षकों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी, ताकि हर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त किया जा सके।
पर्यवेक्षकों से संपर्क कर सकते हैं नए कार्यकर्ता
सिद्दीकी ने कहा कि जो लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, वे अपने क्षेत्र के पर्यवेक्षकों से सीधा संपर्क कर सकते हैं। इससे पार्टी का आधार व्यापक होगा और जनआंदोलन की शक्ल लेगा। उन्होंने कहा कि आईएसएफ न केवल एक पार्टी है, बल्कि एक वैकल्पिक जनराजनीतिक आंदोलन भी है, जो बंगाल की राजनीतिक धारा को नया मोड़ देने जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement