नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत सार्वजनिक करने पर भले ही सेना ने हरी
झंडी दे दी हो, पर मोदी सरकार ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की
सुरक्षा मामलों की कमेटी (सीसीएस) की बैठक में यह फैसला किया गया। सूत्रों
के मुताबिक, मीटिंग में सुरक्षा से जुड़ी नई जानकारियों पर चर्चा हुई।
हालांकि सरकार ने पहले से तय कर रखा है कि सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत जारी
नहीं किए जाएंगे। इसके पहले सेना की तरफ से कहा गया था कि हमले के सबूत
देने पर उसे कोई आपत्ति नहीं है पर सरकार का कहना है कि सर्जिकल स्ट्राइक
पर सेना की ओर से दी गई जानकारी अपने आप में काफी है, अगर कोई उस पर भरोसा
नहीं करना चाहता तो यह उसकी समस्या है।